नगर पालिका में चेंबर विवाद: नए सभापति अब तक नहीं संभाल पाए जिम्मेदारी

विदिशा। नगर पालिका में अध्यक्ष और सभापतियों को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। अध्यक्ष प्रीति राकेश शर्मा द्वारा नियुक्त किए गए नए सभापति अब तक अपने-अपने चेंबर में बैठकर कामकाज शुरू नहीं कर पाए हैं। कारण यह है कि पुराने सभापति अपने चेंबर खाली करने को तैयार नहीं हैं और उन पर ताला लगाकर बैठे हुए हैं।

गुरुवार को नगर पालिका अध्यक्ष प्रीति राकेश शर्मा, उपाध्यक्ष संजय दिवाकीर्ति और नए सभापति कलेक्टर अंशुल गुप्ता से मिले और आवेदन सौंपकर चेंबर खाली कराने की मांग रखी। आवेदन में बताया गया कि करीब दो हफ्ते पहले चार नए सभापति नियुक्त किए गए थे और इसकी जानकारी नगर पालिका अधिकारियों को भी दी गई थी। इसके बावजूद हटाए गए सभापति अपने-अपने चेंबर पर कब्जा किए हुए हैं, जिससे नए सभापति बैठ नहीं पा रहे हैं और विभागीय कार्य प्रभावित हो रहे हैं।

नगर पालिका में कुल सात विभागों के सभापति हैं, जिनमें से चार को हटाकर नए सभापति नियुक्त किए गए हैं। लेकिन चेंबर न मिलने के कारण वे अपनी जिम्मेदारी संभाल नहीं पा रहे हैं। नए सभापतियों ने यह भी आरोप लगाया कि प्रभारी सीएमओ राजेश वर्मा से कई बार मांग करने और घंटों इंतजार करने के बावजूद भी चेंबर खाली नहीं कराए गए।

कलेक्टर से आग्रह किया गया है कि तत्काल पुराने सभापतियों से चेंबर खाली कराकर नए सभापतियों को उपलब्ध कराए जाएं, ताकि वे अपने विभाग का कार्य सुचारु रूप से संभाल सकें।

Next Post

विधायक शाह ने सिंगरौली से भोपाल और इंदौर तक वन्देभारत चलाने की मांग रखी

Thu Aug 28 , 2025
सिंगरौली। पूर्व मध्य क्षेत्र रेलवे हाजीपुर मंडल की क्षेत्रीय रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति की बैठक गुरुवार को पटना स्थित मौर्य रेजीडेंसी होटल में आयोजित हुई। बैठक में सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह भी शामिल हुए। इस दौरान मुख्य महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह और उप महाप्रबंधक अभिषेक कुमार ने उनका स्वागत किया। बैठक […]

You May Like