
गंजबासौदा। नगर में मेन रोड और बायपास क्षेत्रों पर खरीदे गए खाली प्लाट अब आम नागरिकों के लिए मुसीबत बनते जा रहे हैं। साधन-संपन्न और प्रभावशाली लोग प्लाट खरीदकर वर्षों तक उन्हें यूं ही छोड़ देते हैं, ताकि कीमत बढ़ने पर लाभ लिया जा सके, लेकिन इस लालच की कीमत आसपास रहने वाले लोगों को गंदगी, बदबू और बीमारियों के रूप में चुकानी पड़ रही है।
वार्ड क्रमांक 7 और वार्ड 3 में बहलोट बायपास रोड सहित कई स्थानों पर नगर पालिका द्वारा बनाई गई नालियों के सामने खाली भूखंड पड़े हैं। इन प्लाटों पर कचरे के ढेर, झाड़ियां और उगे पेड़ नालियों को जाम कर रहे हैं। परिणामस्वरूप गंदगी जमा है और जहरीले जीव-जंतुओं का स्थायी ठिकाना बन चुका है। गर्मी के मौसम में कचरा उड़कर घरों में घुस रहा है, जिससे रहवासी परेशान हैं।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी का कहना है कि इस संबंध में शिकायतें मिली हैं और नोटिस भी जारी किए गए हैं, लेकिन प्रभावशाली लोगों के खिलाफ कार्रवाई करना चुनौती बना हुआ है। वार्डवासियों का आरोप है कि रसूखदार भूखंड मालिकों के कारण समस्या अनदेखी हो रही है, जबकि जिम्मेदारी उन्हीं पढ़े-लिखे और संपन्न लोगों की बनती है।
