भोपाल। इस नवरात्रि आस्था का एक भव्य नजारा देखने को मिलेगा। क्योंकि बिट्टन मार्केट में तैयार हो रही है सोमनाथ मंदिर की भव्य प्रतिकृति।
करीब सवा करोड़ रुपए की लागत से बन रही इस झांकी को तैयार करने के लिए कोलकाता से कारीगर बुलाए गए हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मंदिर की भव्यता को बांस, थर्माकोल और कपड़े से आकार दिया जा रहा है।
झांकी को तीन प्रमुख चरणों में सजाया जा रहा है— पहले चरण में भगवान गणेश और सूर्य देव,
दूसरे में बाबा सोमनाथ का भव्य गर्भगृह, और तीसरे चरण में मां जगत जननी दुर्गा की विशाल प्रतिमा नजर आएगी।
खास बात ये है कि यहां करीब 45 से 48 आकर्षक मूर्तियों के साथ श्रीराम के वनवास प्रसंग को भी जीवंत रूप में दिखाया जाएगा।
वहीं नवभारत की टीम ने जय माँ वैष्णो दुर्गा उत्सव एवं श्री राम रसोई समिति के संयोजक, विट्ठल मार्केट हाट बाजार व्यापारी संघ के अध्यक्ष हरिओम खटीक से बात की, उन्होंने बताया कि विगत 24 साल से यहां झांकी बैठाने की परंपरा चल रही है और हर साल हम कुछ नया करने की कोशिश करते आए हैं।
