कश्मीर में धोखाधड़ी के 11 मामलों में वांछित जालसाज को गिरफ्तार

श्रीनगर, 13 जुलाई (वार्ता) जम्मू कश्मीर पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने धोखाधड़ी, जालसाजी और फर्जी सरकारी नौकरी घोटालों से जुड़े 11 आपराधिक मामलों में वांछित जालसाज को गिरफ्तार किया है।

ईओडब्ल्यू के अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि आरोपी अब्दुल मजीद मीर, निवासी लष्टियाल, कलारूस (कुपवाड़ा जिला) को धोखाधड़ी, जालसाजी, जाली दस्तावेजों के उपयोग और आपराधिक साजिश से संबंधित धाराओं के तहत दर्ज 2015 की एक प्राथमिकी के सिलसिले में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, श्रीनगर की ओर से जारी लंबित वारंट के अनुपालन में गिरफ्तार किया गया। यह जालसाज सालों तक गिरफ्तारी से बचता चला आ रहा था।

उन्होंने बताया कि आरोपी आदतन अपराधी है जो कथित तौर पर पूरे कश्मीर में धोखाधड़ी और फर्जी एवं जाली रोजगार दस्तावेजों के इस्तेमाल से जुड़े 11 मामलों में शामिल है। इनमें से चार मामले जांच के अधीन हैं। सात अन्य मामलों में सक्षम अदालतों के समक्ष आरोप पत्र पहले ही दायर किये जा चुके हैं।

ईओडब्ल्यू कश्मीर ने मिली विशिष्ट जानकारी के आधार पर आरोपी को पकड़ लिया और उसे अदालत के समक्ष पेश किया। अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया। उसे श्रीनगर के केंद्रीय जेल में रखा गया है।

ईओडब्ल्यू ने जनता से फर्जी सरकारी नौकरी के प्रस्तावों, जाली नियुक्ति पत्रों और रोजगार से जुड़ी अन्य धोखाधड़ी के खिलाफ सतर्क रहने का आग्रह किया।

 

Next Post

सीधी में लोकायुक्त का बड़ा एक्शन, 10 हजार की रिश्वत लेते जिला अभियोजन अधिकारी गिरफ्तार

Mon Jul 13 , 2026
सीधी: मध्य प्रदेश के सीधी जिला न्यायालय परिसर में लोकायुक्त रीवा की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला अभियोजन अधिकारी राजकुमार रावत को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। शिकायतकर्ता पंकज कुमार तिवारी ने 9 जुलाई को लोकायुक्त में शिकायत की थी कि एक […]

You May Like