
सिंगरौली। पूर्व मध्य क्षेत्र रेलवे हाजीपुर मंडल की क्षेत्रीय रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति की बैठक गुरुवार को पटना स्थित मौर्य रेजीडेंसी होटल में आयोजित हुई। बैठक में सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह भी शामिल हुए। इस दौरान मुख्य महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह और उप महाप्रबंधक अभिषेक कुमार ने उनका स्वागत किया।
बैठक में विधायक शाह ने सिंगरौली क्षेत्र से जुड़े रेलवे विस्तार, यात्री सुविधाओं और नियमित ट्रेनों के संचालन पर विस्तार से चर्चा की और मांग पत्र सौंपा। करीब 9 मिनट तक चली चर्चा में उन्होंने सिंगरौली रेल मंडल की घोषणा को लागू करने, कई ट्रेनों को नियमित चलाने और नई ट्रेनों की शुरुआत की मांग रखी।
मुख्य मांगों में सिंगरौली-भोपाल, सिंगरौली-निजामुद्दीन, सिंगरौली-टनकपुर, हावड़ा-भोपाल और धनबाद-लोकमान्य टर्मिनल जैसी ट्रेनों को नियमित करने, पटना-सिंगरौली ट्रेन का विस्तार भोपाल तक करने, पटना-भोपाल राजधानी एक्सप्रेस वाया सिंगरौली-जबलपुर नई ट्रेन शुरू करने तथा सिंगरौली-इंदौर वाया जबलपुर-भोपाल वंदे भारत ट्रेन संचालन शामिल रहे।
इसके साथ ही उन्होंने कटनी-चौपन पैसेंजर ट्रेन को दोबारा शुरू करने, ट्रेनों की रेक को एलएचबी कोच में बदलने, चौपन-रांची ट्रेन का विस्तार सिंगरौली तक करने, महदेइया स्टेशन पर ट्रेनों का ठहराव, डिब्बों की साफ-सफाई और सिंगरौली रेलवे स्टेशन व कॉलोनी में विस्तार व सुविधाओं को बेहतर करने की मांग भी रखी।
