जबलपुर: कैंट थाना अंतर्गत सदर स्थित पंजाब नेशनल बैंक में नकली सोने के बदले 43 लाख से अधिक का फर्जी लोन बांटा गया। इस पूरे खेल के मास्टरमाइंड बैंक के ही अधिकृत गोल्ड वैल्युअर्स निकले, जिन्होंने ग्राहकों के साथ मिलकर नकली सोने को असली बता दिया। बैंक के मुख्य प्रबंधक की शिकायत पर दो आधिकारिक गोल्ड वैल्युअर्स और 12 कर्जदारों समेत कुल 14 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है । साथ ही कुछ को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है जबकि कुछ अब भी फरार है।
पुलिस से मिली जानकारी अनुसार पंजाब नेशनल बैंक कैंट शाखा सदर के मुख्य प्रबंधक राजकुमार कोरी ने शिकायत दर्ज कराई। जांच में सामने आया कि बैंक के पैनल में शामिल गोल्ड वैल्युअर्स ने 12 आवेदकों के साथ मिलकर एक सोची-समझी साजिश रची। आरोपियों ने जानबूझकर नकली स्वर्ण आभूषणों को असली प्रमाणित किया और बैंक रिकॉर्ड में सही दर्ज कराया। इस फर्जी रिपोर्ट के आधार पर बैंक से 38,81,100 रुपये का मूलधन लोन के रूप में निकाल लिया गया। ब्याज समेत यह पूरी राशि 43,17,512 रुपये बनती है, जिसका सीधा नुकसान बैंक को हुआ है।
मुख्य आरोपी राजीव के इशारे पर हुआ खेल
जांच के दौरान पुलिस ने शिकायतकर्ता मुख्य शाखा प्रबंधक राजकुमार कोरी, गोल्ड वैल्युअर सुनील प्रताप सोनी और कर्जदार नितिन काछी, शहनाज बेगम, सोनू साहू, राहुल सिंह ठाकुर, देवेन्द्र कुर्मी, रिजवान मंसूरी और सोमनाथ कर्ण के बयान दर्ज किए। जिन्होंने स्वीकार किया कि वे मुख्य साजिशकर्ता राजीव सोनी की बातों में आ गए थे। सभी ने आपसी सहमति से जानबूझकर नकली सोने के जेवर बैंक में गिरवी रखे और लोन पास कराया।
वैल्युअर ने नियमों को ताक पर रखा
मामले में गोल्ड वैल्युअर आशुतोष सराफ ने पूछताछ में ताया कि राजीव सोनी की पत्नी जो जेवर लेकर आई थी, उसका सिर्फ वजन किया गया था। सोने की शुद्धता जांचने के लिए जरूरी रेती या नाइट्रिक एसिड टेस्ट नहीं किया गया। पूर्व में रखे गए गोल्ड का जब दोबारा निरीक्षण हुआ, तब भी नियमों की अनदेखी कर सिर्फ वजन नापा गया और कोई केमिकल टेस्ट नहीं हुआ।
इन्हें बनाया गया आरोपी
घोटला के मुख्य सूत्रधार बैंक के गोल्ड वैल्युअर राजीव सोनी पिता सत्यनारायण सोनी, फर्म अभिनव ज्वेलर्स, निवासी: नया रामनगर, अधारताल, आशुतोष सराफ पिता केशवचंद सराफ, निवासी मौलाना की गली, मन्नूलाल अस्पताल के पीछे, उपरैनगंज समेत मिलीभगत करने वाले ग्राहक रजनीश दाहिया, नितिन काछी, शहनाज बेगम, सोनू साहू, राहुल सिंह ठाकुर, देवेन्द्र कुर्मी, प्रीती बाई फड़ेरे, पूजा सोनी, सुंदरलाल साहू, सोमनाथ कर्ण, सत्यम पटेल और रिजवान मंसूरी पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है।
