नई दिल्ली, 11 नवम्बर: टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले अफगानिस्तान और वेस्टइंडीज के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज खेली जाएगी। यह सीरीज दोनों टीमों की तैयारियों के लिहाज से काफी अहम होने वाली है। तीन मैचों की यह टी20 सीरीज 19 जनवरी से 22 जनवरी के बीच यूएई के शारजाह में खेली जाएगी। दोनों टीमों के क्रिकेट बोर्ड ने इसे आगामी मेगा इवेंट के लिए तैयारियों को अंतिम रूप देने का शानदार मौका बताया है।
मैचों का कार्यक्रम और उद्देश्य
श्रृंखला का पहला टी20 मैच 19 जनवरी को, दूसरा 21 जनवरी को और तीसरा व अंतिम मैच 22 जनवरी को खेला जाएगा। क्रिकेट वेस्टइंडीज (सीडब्ल्यूआई) के निदेशक माइल्स बास्कोम्बे ने कहा कि उपमहाद्वीपीय परिस्थितियों में मजबूत प्रतिद्वंदियों का सामना करने से उन्हें अपने संयोजन और रणनीति को निखारने में मदद मिलेगी। यह खिलाड़ियों को भारत और श्रीलंका में होने वाले आगामी वर्ल्ड कप के लिए आत्मविश्वास भी देगा।
मुकाबले का इतिहास
अफगानिस्तान और वेस्टइंडीज के बीच अब तक 8 टी20 मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें वेस्टइंडीज का पलड़ा भारी रहा है। वेस्टइंडीज ने 5 मैच जीते हैं, जबकि अफगानिस्तान को 3 मुकाबलों में जीत मिली है। पिछले टी20 विश्व कप में अफगानिस्तान सेमीफाइनल तक पहुंचा था।

