नई दिल्ली, 11 नवम्बर: दिल्ली कार धमाके के बाद भारत की संभावित कार्रवाई की आशंका से पाकिस्तान में घबराहट का माहौल है। पाकिस्तान ने तुरंत राजस्थान से सटी सीमा पर अपनी वायुसेना की पेट्रोलिंग शुरू करा दी। पाकिस्तान की तीनों सेनाओं के प्रमुखों ने इमरजेंसी बैठक की, वहीं पीएम शहबाज़ शरीफ भी देर रात तक राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) और डीजी आईएसआई (ISI) के साथ बैठकें करते रहे।
विदेशी दूतावासों की एडवाइजरी
दिल्ली धमाके में 11 लोगों की मौत की सूचना है। इस घटना के बाद ब्रिटेन ने अपने नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी करते हुए भारत-पाकिस्तान सीमा से 10 किलोमीटर के अंदर यात्रा न करने की सलाह दी। अमेरिकी और फ्रांसीसी दूतावासों ने भी दिल्ली में मौजूद अपने नागरिकों को लाल किले के आसपास और भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों से दूर रहने और सतर्कता बरतने की चेतावनी जारी की है।
ईरान और मिस्र ने प्रकट की संवेदना
अंतरराष्ट्रीय प्रतिक्रिया के तहत, ईरान दूतावास ने दिल्ली धमाके पर दुख प्रकट किया और कहा कि वे नरेंद्र मोदी सरकार और भारतीय जनता के साथ इस दुख की घड़ी में खड़े हैं। इसी तरह, मिस्र दूतावास ने भी प्रभावित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना जाहिर करते हुए घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।

