
इंदौर. सेंट्रल कोतवाली पुलिस ने चेकिंग के दौरान दो वाहन चोरों को दबोचकर आठ चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं. पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी शौक पूरा करने के लिए गाड़ियां चुराकर सस्ते दामों पर बेच देते थे.
डीसीपी राजेश व्यास के निर्देश पर सेंट्रल कोतवाली पुलिस टीम ने पटेल ब्रिज के पास चेकिंग पाइंट लगाया था. इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर दो संदिग्ध युवक आते दिखे. पुलिस को देखकर वे यू-टर्न लेने लगे, जिस पर सिपाहियों ने उन्हें घेरकर रोक लिया. कागजात मांगे गए तो दोनों भागने लगे, लेकिन पीछा कर दबोच लिया. पूछताछ में उनकी पहचान अनवर हुसैन निवासी ग्रीन पार्क कॉलोनी और शोएब अली निवासी हाजी कॉलोनी के रूप में हुई. सख्ती से पूछे जाने पर उन्होंने बुरहानपुर बस स्टैंड क्षेत्र से कई मोटरसाइकिलें चुराने की बात कबूली. उनकी निशानदेही पर आठ बाइक जब्त कर ली गई हैं. आरोपी बताते हैं कि वे शौक पूरा करने के लिए गाड़ियां चुराते थे और बाद में उन्हें सस्ते दामों में बेच देते थे. पुलिस ने जिन लोगों को ये गाड़ियां बेची गई थीं, उनसे भी पूछताछ शुरू की है और जरूरत पड़ने पर उन्हें भी आरोपी बनाया जा सकता है. शहर में प्रतिदिन दस से अधिक वाहन चोरी की वारदातें सामने आती हैं. गिरफ्तार आरोपियों ने बुरहानपुर के अलावा इंदौर की कुछ चोरी की घटनाओं में शामिल होने की बात भी मानी है.
घर में सेंधमारी…
बाणगंगा क्षेत्र में सुरेंद्र महतो निवासी राम नगर की शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज हुआ है. फरियादी ने बताया कि घर का ताला तोड़कर अलमारी से सोने की चेन, लॉकेट, बाली और चार हजार रुपए नगद चोरी कर ले जाए गए. घटना का पता तब चला जब ताला टूटा मिला, जिसके बाद थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई.
