
इंदौर. मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शनिवार को शहर के एमजी रोड थाने का औचक निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं, पुलिस स्टाफ की मौजूदगी और जनता से जुड़ी सेवाओं का जायजा लिया. अचानक हुए निरीक्षण के दौरान सीएम ने थाने में दर्ज शिकायतों, लंबित प्रकरणों तथा आने वाले नागरिकों को मिलने वाली सुविधा-सुरक्षा की विस्तृत जानकारी ली.
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि शहर के मध्य क्षेत्र में स्थित यह थाना सबसे व्यस्त और महत्वपूर्ण थानों में से एक है, इसलिए यहां की कार्यप्रणाली में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने अधिकारियों को व्यवस्था को और चुस्त रखने, हर शिकायतकर्ता से संवेदनशीलता के साथ व्यवहार करने तथा अपराधों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. सीएम ने थाने के रिकॉर्ड, महिला डेस्क, कंट्रोल रूम से संवाद और परिसर की सुरक्षा व्यवस्था भी देखी. उन्होंने पुलिस टीम को क्षेत्र में बढ़ती भीड़भाड़ और ट्रैफिक दबाव को ध्यान में रखते हुए अधिक सतर्कता बरतने तथा पेट्रोलिंग बढ़ाने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि जनता का भरोसा बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए. निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि पुलिस की मौजूदगी जनता को सुरक्षा का भरोसा देती है, इसलिए थाने के कामकाज से लेकर फील्ड पर तैनाती तक हर स्तर पर प्रोफेशनलिज्म और तत्परता दिखनी चाहिए.
