सीहोर। कुबेरेश्वर धाम में आयोजित गुरू पूर्णिमा महोत्सव और आगामी कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत प्रभारी मंत्री श्रीमती कृष्णा गौर ने बैठक में आयोजन की व्यवस्थाओं के संबंध में चर्चा की तथा आयोजन समिति को दिशा-निर्देश दिए.
उन्होंने कहा कि आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना को देखते हुए सभी तैयारियां चाक चौबंद रखी जाएं, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था, असुविधा अथवा सुरक्षा संबंधी समस्या उत्पन्न न हो. समिति प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर कार्य सुनिश्चित करें. उन्होंने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण भी किया. कलेक्टर बालगुरू के, एसपी श्रीमती सोनाक्षी सक्सेना ने प्रभारी मंत्री को गुरू पूर्णिमा महोत्सव के लिए की गई व्यवस्थाओं तथा आगामी कांवड़ यात्रा के आयोजन की कार्ययोजना से अवगत कराया.
बैठक में यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था की जानकारी लेते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में जाम की समस्या न बने. पार्किंग स्थलों का स्पष्ट चिन्हांकन, अलग-अलग पार्किंग जोन निर्धारण तथा वाहनों की सुव्यवस्थित आवाजाही सुनिश्चित की जाए. हाईवे एवं मुख्य मार्गों पर प्रभावी डायवर्जन प्लान लागू रहे तथा पर्याप्त संकेतक, फ्लेक्स व सूचना बोर्ड लगाए जाएं. उन्होंने पर्याप्त पेयजल की उपलब्धता और स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए. उन्होंने निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखी जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं श्रद्धामय वातावरण प्राप्त हो सके.
बैठक में विधायक सुदेश राय और भाजपा जिला अध्यक्ष नरेश मेवाड़ा ने आवश्यक सुझाव भी दिए. इस दौरान नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर, एएसपी डॉ प्रशांत चौबे, एसडीएम तन्मय वर्मा, पंकज गुप्ता आदि समिति सदस्य उपस्थित थे.
