इंदौर:शहर में आज मकर संक्रांति के पावन पर्व पर पतंग बाजारों में विशेष रौनक देखने को मिली. पर्व को लेकर जगह-जगह पतंग की दुकानों को रंग-बिरंगी सजावट से सजाया गया है. डिजाइनर, पारंपरिक और बच्चों के लिए कार्टून थीम वाली पतंगें लोगों को खूब आकर्षित कर रही हैं। पूरा बाजार उत्सव के रंग में रंगा नजर आया.सुबह से ही दुकानों पर लोगों की अच्छी-खासी भीड़ रही। बच्चों की आंखों में उत्साह, युवाओं में जोश और बुजुर्गों के चेहरों पर अपनापन साफ झलक रहा था.
मांझा, डोर, चरखी सहित अन्य सामग्री की जमकर खरीदारी हुई। पतंगों के साथ-साथ तिल, गुड़ और मिठाइयों की खुशबू ने माहौल को और भी पर्वमय बना दिया. मकर संक्रांति के साथ आस्था का भाव भी गहराई से जुड़ा नजर आया. इस दिन दान-पुण्य का विशेष महत्व माना जाता है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार मकर संक्रांति पर किया गया दान कई गुना फलदायी होता है, प्रशासन की ओर से नागरिकों से सुरक्षित मांझे का उपयोग करने की अपील की गई है, ताकि पर्व की खुशियां किसी दुर्घटना से प्रभावित न हों. आज मकर संक्रांति पर शहर की छतों से जब रंगीन पतंगें आसमान में उड़ेंगी, तो यह पर्व आस्था, परंपरा और उल्लास के संगम के रूप में सभी के दिलों में नई उमंग और खुशियां भर देगा.
