
रीवा।मनगवां थाना अन्तर्गत रीवा-प्रयागराज हाइवे पर शनिवार की रात कट्टे की नोक पर परियोजना अधिकारी के साथ लूट करने वाले यूपी के चार बदमाशो को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. आरोपियों के पास से अवैध हथियार सहित लूटे गये मोबाइल, पैसा, एटीएम सहित कार बरामद की गई है. जिसका उपयोग वारदात में किया गया था.
पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र सिंह चौहान ने पुलिस कंट्रोल रूम में पूरे मामले का खुलासा किया. 11 अक्टूबर को महिला बाल विकास के त्योंथर में पदस्थ परियोजना अधिकारी दीपक मिश्रा निवासी रामानुज नगर जिला शहडोल अपनी कार से त्योंथर जा रहे थे. मनगवां-प्रयागराज हाइवे पर ब्रेजा कार से पहुंचे बदमाशो ने ओवर टेक कर कार को रोका और गन प्वाइंट पर लेकर लगभग 18 हजार रूपये एवं दो मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड आदि लूट लिया था. दूसरे दिन मनगवां पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की. एसपी के मुताबिक अलग-अलग टीम गठित की गई और टोल प्लाजा से लेकर आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए. जिसके बाद आरोपियों का सुराग लगा और सभी को गिरफ्तार करने में पुलिस को सफलता मिली. एएसपी संदीप मिश्रा, एसडीओपी मनगवां श्रीमती प्रतिमा शर्मा एवं थाना प्रभारी गजेन्द्र सिंह की अहम भूमिका रही.
पकड़े गए बदमाश यूपी के
पकड़े गये बदमाशो ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया है. आरोपियो ने पूंछताछ के दौरान कई अहम जानकारी दी है. गिरफ्तार आरोपियों में नौशाद अहमद पिता मुश्ताक अहमद उम्र 21 वर्ष निवासी दहिला मऊ थाना नगर कोतवाली जिला प्रतापगढ उ.प्र, मो0 फैजान पिता मो0 अनीश उम्र 20 वर्ष निवासी सराय सुल्तालपुरे मकदूम उर्फ किरांव थाना मऊ आईमा जिला प्रयागराज उ.प्र, गुलजार उर्फ रिजवान खान पिता जमीलुद्दीन खान उम्र 20 वर्ष निवासी बरिस्ता थाना लीलापुर जिला प्रतापगढ उ.प्र, दिलशाद अली पिता स्व. जौहर अली उम्र 28 वर्ष निवासी बरिस्ता थाना लीलापुर जिला प्रतापगढ उ.प्र शामिल है.
