देवास:जिले के सतवास तहसील के ग्राम रोहिणीया स्थित शासकीय स्कूल की स्थिति इतनी खराब हो गई है कि वहां पढ़ाई करना मुश्किल हो गया है। स्कूल की इमारत जर्जर हो चुकी है, नल टूटे पड़े हैं और जगह-जगह गंदगी फैली हुई है।स्थानीय लोगों का कहना है कि स्कूल में केवल एक शिक्षक और नौ बच्चे ही पढ़ाई कर रहे हैं। कई बच्चे स्कूल की दयनीय स्थिति को देखकर पढ़ाई छोड़ चुके हैं। विशेषकर शौचालय और बाथरूम की हालत इतनी खराब है कि बच्चों का वहां जाना लगभग असंभव हो गया है।
वहीं सरकार करोड़ों रुपये की लागत से सीएम राइस स्कूल खोलने का दावा कर रही है, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में चल रहे सरकारी स्कूलों की स्थिति बद से बत्तर होती जा रही है। स्कूल की जर्जर हालत बच्चों की शिक्षा और स्वास्थ्य दोनों के लिए गंभीर खतरा पैदा कर रही है।स्थानीय निवासियों ने प्रशासन और शिक्षा विभाग से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि स्कूल भवन की मरम्मत, पर्याप्त शिक्षक और स्टाफ की नियुक्ति, तथा स्वच्छ शौचालय और साफ-सफाई की व्यवस्था तुरंत की जाए।
इस गंभीर स्थिति ने बच्चों की शिक्षा और भविष्य पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
