सिवनी मालवा। सिवनी मालवा की उपनगरी बानापुरा स्थित दूधियावाड़ मंदिर के पास रविवार को आयोजित विशाल बैलगाड़ी दौड़ प्रतियोगिता में ग्रामीणों का जोश और उत्साह देखने लायक रहा। इस परंपरागत प्रतियोगिता में नर्मदापुरम, बैतूल, छिंदवाड़ा, हरदा, खंडवा और देवास सहित विभिन्न जिलों से आई लगभग 90 बैलगाड़ियों ने भाग लिया।
कई वर्षों बाद आयोजित इस विशाल प्रतियोगिता को देखने हजारों की संख्या में ग्रामीण और दर्शक जुटे। एक-एक कर जब बेलों की जोड़ी दौड़ के लिए निकली, तो मैदान तालियों और जयकारों से गूंज उठा। प्रतियोगिता में सुबी–महबूब छोटा बेल जोड़ी ने 7.86 सेकंड में दौड़ पूरी कर प्रथम पुरस्कार जीता। राजा–बलमा बेल जोड़ी 8.02 सेकंड के साथ द्वितीय, जबकि भैरव–इन्द्रा बेल जोड़ी ने 8.02 सेकंड के समय के साथ तृतीय स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता का समापन शाम के समय पुरस्कार वितरण के साथ हुआ। भाजपा नेता यशवंत पटेल, श्री राम जानकी मंदिर ट्रस्टी अवधेश तिवारी, नगर पालिका अध्यक्ष रितेश जैन एवं अन्य अतिथियों ने विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए। सूरज ढलने तक चली इस रोमांचक प्रतियोगिता ने ग्रामीणों के बीच पारंपरिक खेलों के प्रति नई ऊर्जा और उत्साह का संचार किया।
