इटारसी: भारतीय किसान संघ तहसील इटारसी की बैठक का आयोजन कृषि उपज मंडी में किया गया, जिसमें भारतीय किसान संघ मध्यभारत प्रांत के प्रांतीय संगठन मंत्री भरत पटेल मुख्य रूप से उपस्थित रहे । बैठक को संबोधित करते हुए प्रांत संगठन मंत्री नें कहा कि भारतीय किसान संघ विश्व का सबसे बड़ा किसान संगठन है जो राष्ट्रवाद को सर्वोपरि मानकर सतत किसानों की समस्याओं के निराकरण हेतु तत्पर होता है.
भारतीय किसान संघ के चार प्रमुख उत्सव होते है जिसे कार्यकर्ता उत्साह पूर्वक मनाते है, अभी अभी गौमाता पूजन तहसील की 35 गांवों में किया गया,जिसे किसानों नें हर्षोल्लास के साथ एकजुट होकर मनाया जिसका उद्देश्य गौमाता के संरक्षण हेतु किसानों को जागरूक करना था, प्रांत संगठन मंत्री भरत पटेल नें कहा कि भारतीय किसान संघ राष्ट्रवादी संगठन है इसलिए आगामी जनवरी माह में भारतीय किसान संघ प्रत्येक गांव में भारतमाता पूजन का आयोजन करेगा, वैसे तो किसान समाज हमेशा ही राष्ट्रवादी होता है जो मेहनत करके देश के लिए अनाज का उत्पादन करता है लेकिन आने वाली पीढ़ी भी राष्ट्रवाद को सर्वोपरि माने इसके लिए भाकिसं गांव गांव जाकर भारतमाता पूजन का आयोजन उत्साहपूर्वक करेगा एवं गांवों में किसान समाज को एकजुटता का संदेश देगा, समाज और ज्यादा एकजुट होगा तो बड़ी से बड़ी समस्याओं का निराकरण शासन प्रशासन से हम करा लेंगे।
समस्याओं पर भी हुई चर्चा
भारतीय किसान संघ के तहसील अध्यक्ष श्यामशरण तिवारी नें बताया कि वर्तमान में किसान रबी सीजन की बोबनी में लगा हुआ है जोकि क्षेत्र की प्रमुख फसल है इसके लिए प्रशासन द्वारा खाद की पर्याप्त व्यवस्था की जाए, किसानो को भीषण ठंड में दिन के समय 10 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति की जावे, प्रशासन द्वारा सतत मानिटरिंग करके धान खरीदी केन्द्रों पर निरीक्षण किया जावे जिससे किसानों को असुविधा न हो, इसके अलावा खरीदी केन्द्रों पर किसानों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जावे, कृषि उपज मंडी में एक अतिरिक्त फ्लेट कांटें की व्यवस्था की जावे, बोबनी के पूर्व ही समस्त शासकीय गोहे का सीमांकन करा दिया जाए, नहरों में रबी सीजन के लिए फुल गेज तक पानी दिया जाए, टेल क्षेत्र के किसानों तक पानी पहुंचानें की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इन सभी समस्याओं के निराकरण हेतु भारतीय किसान संघ प्रशासन को ज्ञापन के माध्यम से अवगत कराएगा ।
