नयी दिल्ली, 13 अगस्त (वार्ता) कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष तथा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी बिहार में मतदाता सूची पुनरीक्षण के खिलाफ 17 अगस्त से वोट अधिकार अभियान शुरु करेंगे जिसमें इंडिया गठबंधन के नेता भी शामिल होंगे।
कांग्रेस महासचिव संगठन के सी वेणुगोपाल ने बुधवार को इसे लोकतंत्र की लड़ाई करार देते हुए कहा कि इस अभियान को जन आंदोलन बनाया जाएगा जिससे एक एक व्यक्ति के अधिकार के कीमती वोट और संविधान की रक्षा की जा सकेगी।
श्री वेणुगोपाल ने कहा “हमारे लोकतंत्र की रक्षा की लड़ाई सड़कों पर होगी और 17 अगस्त से लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और इंडिया गठबंधन की पार्टियाँ पूरे बिहार में एक विशाल वोट अधिकार यात्रा शुरू करेंगी। लोकतंत्र के लिए खतरनाक मतदाता सूची पुनरीक्षण अभ्यास और वोट चोरी के खिलाफ इस लड़ाई को जन आंदोलन बनाने के लिए शुरु किया जाएगा।
उन्होंने आगे कहा “इस संदर्भ में आज बिहार के सासाराम में इंडिया गठबंधन के नेताओं से मुलाकात की गयी ताकि हमारी तैयारी, लामबंदी का आकलन किया जा सके और यात्रा के लिए सुचारू समन्वय स्थापित किया जा सके।”

