देश भर के चुनिंदा पंचायत निकायों के प्रतिनिधि स्वतंत्रता दिवस समारोह में होंगे शामिल

नयी दिल्ली, 13 अगस्त (वार्ता) स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को ऐतिहासिक लाल किले पर आयोजित समारोह में 28 राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों के 210 पंचायत प्रतिनिधि विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
पंचायती राज मंत्रालय इन विशिष्ट अतिथियों के लिए 14 अगस्त को यहां एक औपचारिक सम्मान समारोह आयोजित करेगा। इस अवसर पर केन्द्रीय पंचायती राज मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह और केन्द्रीय पंचायती राज राज्य मंत्री प्रो एस पी सिंह बघेल भी उपस्थित रहेंगे। इस वर्ष के कार्यक्रम का विषय ‘आत्मनिर्भर पंचायत, विकसित भारत की पहचान’ है।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार इस सम्मान समारोह के दौरान कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) संचालित ‘सभासार’ एप्लिकेशन का शुभारंभ किया जायेगा और ‘ग्रामोदय संकल्प पत्रिका’ के 16 वें अंक का विमोचन भी होगा।
इस वर्ष के विशेष अतिथियों में बड़ी संख्या में महिला पंचायत प्रतिनिधि शामिल हैं, जिन्होंने अपनी ग्राम पंचायतों में बेहतर बुनियादी अवसंरचना, बेहतर सार्वजनिक सेवायें और समावेशी सामुदायिक पहल जैसे प्रत्यक्ष सुधार किये हैं। पंचायती राज संस्थाओं की ये निर्वाचित महिला प्रतिनिधि ग्रामीण नेतृत्व की उभरती हुई शक्ति का उदाहरण हैं, जो देश के विभिन्न क्षेत्रों में अपनी शासन संबंधी ज़िम्मेदारियों को दूरदर्शी विकास दृष्टिकोणों के साथ सफलतापूर्वक निर्वहन कर रही हैं। इन्होंने हर घर जल योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण, मिशन इंद्रधनुष जैसी प्रमुख सरकारी योजनाओं को साकार कराने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की है और साथ ही जमीनी स्तर पर नवीन स्थानीय पहलों एवं समाधानों को प्रोत्साहित भी किया है।

Next Post

चावल-गेहूँ सस्ता, दालों-खाद्य तेलों में घट-बढ़, चीनी नरम

Wed Aug 13 , 2025
नयी दिल्ली, 13 अगस्त (वार्ता) घरेलू थोक जिंस बाजारों में बुधवार को चावल और गेहूँ की औसत कीमतों में गिरावट रही। इनके अलावा चीनी भी सस्ती हुई। खाद्य तेलों और दालों की कीमतों में उतार-चढ़ाव का रुख देखने को मिला। विदेशों में मलेशिया के बुरसा मलेशिया डेरिवेटिव एक्सचेंज में पाम […]

You May Like