यरूशलम/वाशिंगटन, 15 सितंबर (वार्ता) कतर पर इज़रायली हमले के बाद अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो यरुशलम में इज़रायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से मुलाकात कर दोहा हमले, पश्चिमी तट पर उसके कब्ज़े और गाजा के भविष्य पर चर्चा करेंगे।
श्री रुबियो की यह यात्रा कतर में यरुशलम के विवादास्पद हवाई हमले के एक हफ्ते से भी कम समय बाद हुई है, जिसकी अंतर्राष्ट्रीय समुदाय ने कड़ी निंदा की थी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने भी इसकी कड़ी आलोचना की थी।
जेरूसलम पोस्ट की एक रिपोर्ट के अनुसार दोहा हवाई हमले पर अमेरिका की स्थिति के बारे में श्री रुबियो ने कहा था, “ज़ाहिर है हम इससे खुश नहीं हैं। राष्ट्रपति इससे खुश नहीं थे। अब हमें आगे बढ़ना होगा और यह देखना होगा कि आगे क्या होता है। यरुशलम की मेरी यात्रा का मुख्य उद्देश्य सभी बंधकों को वापस लाने, हमास से छुटकारा पाने और इस युद्ध को समाप्त करने के प्रयासों पर चर्चा करना होगा। यही राष्ट्रपति की प्राथमिकता है।”
उन्होंने कहा कि अब यह तय करना ज़रूरी है कि आगे क्या होगा। श्री रुबियो की यात्रा का समय अमेरिका के संतुलनकारी प्रयासों को रेखांकित करता है। अमेरिका के लिए, कतर एक विशेष रूप से संवेदनशील मुद्दा है क्योंकि वहाँ एक प्रमुख अमेरिकी एयरबेस स्थित है और यह इज़रायल और हमास के बीच मध्यस्थता का केंद्र रहा है।
