
ब्यावरा। राजगढ़ रोड पर ग्राम खुरी में पिछले 20 दिनों से जल संकट गहरा रहा है, जिसके कारण ग्रामीणजनों को पानी के लिए भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. गुरुवार को परेशान ग्रामीणों ने हाईवे पर चक्काजाम लगा दिया.
नलजल योजना के तहत जल आपूर्ति बंद होने से नाराज ग्रामीणों ने एकजुट होकर हाईवे पर जाम लगा दिया.
चक्काजाम के दौरान ग्रामीणजन मटके, बाल्टी व अन्य पानी के बर्तन लेकर सडक़ पर जा पहुंचे. नारेबाजी की. जाम के कारण हाईवे पर वाहनों की कतार लग गई. लकडिय़ां रखकर भी जाम कर दिया. यही नहीं कुछ ग्रामीण सडक़ पर लेट तक गये. ग्रामीणों के अनुसार शासन की नलजल योजना और जल जीवन मिशन के तहत गांव में दो पानी टंकी बनाई है. बावजूद इसके करीब 20 दिनों से गांव की कॉलोनी में पानी नही आ रहा है. ग्रामीणों का कहना है कि कई बार अवगत कराने के बाद भी कोई सुनने वाला नहीं, आखिरकार मजबूरन चक्काजाम का सहारा लेना पड़ा.
आश्वासन के बाद माने
पानी के लिए लगाए गये जाम के दौरान महिलाएं भी उपस्थित रही. ग्रामीणों का कहना है कि पेयजल हेतु स्थाई समाधान किया जाये ताकि भविष्य में इस तरह जल संकट का सामना न करना पड़े. मौके पर पहुंचे पुलिस प्रशासन के जिम्मेदारों द्वारा ग्रामीणों से बातचीत करते हुए जाम खोलने को कहा किंतु ग्रामीणजन ठोस आश्वासन की मांग कर रहे थे. तत्पश्चात जिम्मेदारों द्वारा शुक्रवार से पेयजल सप्लाई सुचारु करने का आश्वासन देने के बाद जाम समाप्त हो सका. उधर जाम लगने से बड़ी संख्या में वाहन रुका गये. कई यात्री वाहन, स्कूल वाहन, इमरजेंसी वाहन जाम में फंसे रहे.
