इंदौर: शुक्रवार को महापौर ने कबीटखेड़ी में निर्माणधीन सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का जायजा लिया. इस दौरान महापौर ने मार्च 2027 में निर्माण कार्य पूरा होने की संभावना जताई.
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कबीटखेड़ी स्थित निर्माणाधीन 120 एमएलडी क्षमता के सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का निरीक्षण कर कार्य का जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान महापौर ने बताया कि बढ़ती जनसंख्या और शहर विस्तार को देखते हुए सीवरेज प्रबंधन को सुदृढ़ करना आवश्यक हो गया है.
इंदौर को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप विकसित करने के लिए एक समग्र दृष्टि पर काम किया जा रहा है. इसी दृष्टि से कबीरखेड़ी में 120 एमएलडी क्षमता का नया प्लांट तेजी से तैयार किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि एक ओर नर्मदा परियोजना के चौथे चरण का कार्य प्रारंभ हो चुका है, वहीं शहर को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के लिए जलूद में सोलर प्लांट भी शुरू किया गया है. उन्होंने जोर देकर कहा कि इन योजनाओं के साथ-साथ सीवरेज ट्रीटमेंट का कार्य भी उतना ही महत्वपूर्ण है.
तेजी से साकार हो रही परियोजना
महापौर ने जानकारी दी कि कबीटखेड़ी योजना समय सीमा के अनुसार मार्च 2027 तक पूर्ण कर ली जाएगी। उन्होंने कहा कि जिस विज़न और संकल्प के साथ उक्त परियोजना शुरु की गई थी, वह अब धरातल पर तेजी से साकार हो रही है. यह प्लांट न केवल स्वच्छता को नई मजबूती देगा, बल्कि इंदौर को पर्यावरण संरक्षण और जल प्रबंधन के क्षेत्र में भी एक नई पहचान दिलाएगा. निरीक्षण के दौरान जल कार्य एवं ड्रेनेज प्रभारी अभिषेक बबलू शर्मा, अपर आयुक्त आशीष पाठक सहित निगम के अधिकारी मौजूद थे
