जबलपुर: तिलवारा थाना अंतर्गत अर्नव विहार में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों के जेवरात पार कर दिए। घर मालिक को चोरी की भनक सिंगरौली में बैठे-बैठे मोबाइल में बजे सिक्योरिटी अलर्ट के जरिए लगी, लेकिन जब तक परिजन मौके पर पहुँचते, चोर वारदात को अंजाम देकर फरार हो चुके थे। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट और डॉग स्क्वायड की मदद से जाँच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गढ़ा निवासी सौरभ कुमार मिश्रा ने बताया कि उनके छोटे भाई राहुल मिश्रा (34) अर्नव विहार स्थित प्लॉट नंबर 40 में रहते हैं। राहुल 20 मार्च को अपने परिवार के साथ ऑफिस के काम से घर में ताला लगाकर सिंगरौली गए थे। आज सुबह करीब 4:00 बजे राहुल के मोबाइल पर होम सिक्योरिटी सिस्टम का अलर्ट मैसेज आया। जब उन्होंने तुरंत सीसीटीवी कैमरे की फुटेज चेक की, तो घर के अंदर अज्ञात व्यक्ति घुसता हुआ दिखाई दिया।
ताला तोड़कर अलमारी खंगाली
राहुल ने तत्काल अपने भाई सौरभ को फोन कर घटना की जानकारी दी। सौरभ स्थानीय लोगों के साथ जब अर्नव विहार स्थित भाई के घर पहुँचे, तो मुख्य दरवाजे का लॉक टूटा हुआ मिला। घर के अंदर का नजारा अस्त-व्यस्त था अलमारी का सारा सामान बाहर बिखरा पड़ा था। चोरों ने अलमारी में रखे राहुल और उनकी पत्नी के पुराने सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए थे, जिनकी अनुमानित कीमत 4 से 5 लाख रुपये बताई जा रही है।
फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट, पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य जुटाए-
वारदात की सूचना मिलते ही तिलवारा पुलिस, फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट टीम भी मौके पर पहुंच गई। विशेषज्ञों ने घटनास्थल से चोरों के उंगलियों के निशान और अन्य तकनीकी साक्ष्य जुटाए हैं। तिलवारा पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की शिनाख्त की जा रही है। राहुल मिश्रा के वापस आने पर चोरी गए सामान की विस्तृत सूची तैयार की जाएगी।
