ग्वालियर: नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय ने सोमवार को निर्माणाधीन नगर निगम संग्रहालय, परिषद भवन और क्षेत्रीय कार्यालय क्रमांक-13 का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर हाल में 15 अगस्त तक संग्रहालय का निर्माण कार्य पूरा किया जाए ताकि इसे आम नागरिकों के लिए खोला जा सके।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने संग्रहालय की सभी गैलरियों का कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश देते हुए कहा कि वे 15 अगस्त को दोबारा निरीक्षण करेंगे। परिषद भवन का निरीक्षण करते हुए उन्होंने अक्टूबर तक परिषद हॉल और ग्राउंड फ्लोर का निर्माण निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
क्षेत्रीय कार्यालय क्रमांक-13 में कार्य की धीमी गति पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान हाजिरी रजिस्टर की जांच में एक कर्मचारी अनुपस्थित मिलने पर उसे नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। साथ ही संपत्तिकर की ऑनलाइन फीडिंग व्यवस्था की भी जानकारी ली।
