
भोपाल। मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से बात करते हुए बताया कि मध्यप्रदेश में प्रतिवर्ष 11, 12 और 13 अक्टूबर को आयोजित होने वाला ट्रैवल मार्ट प्रदेश की पर्यटन नीति और निवेश संभावनाओं का प्रतीक बन गया है। इस वर्ष आयोजित मार्ट में 27 देशों के अंतरराष्ट्रीय टूर ऑपरेटर्स और देश के विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधियों सहित 700 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस आयोजन के दौरान 4,000 से अधिक B2B बैठकों का सफल आयोजन हुआ और 3,665 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए। यह आंकड़ा केवल निवेश का प्रतीक नहीं, बल्कि प्रदेश की नीतियों और निवेशकों के विश्वास का जीवंत प्रमाण है।
केंद्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने मध्यप्रदेश को देश का सबसे बेहतरीन टूरिज्म स्टेट”ल बताया। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य “भारत के हृदय प्रदेश” की सांस्कृतिक और पर्यटन संपदा को वैश्विक स्तर पर प्रतिष्ठित करना और देश-विदेश के विशेषज्ञों को प्रदेश के व्यापारिक अवसरों से जोड़ना है।
उन्होंने यह भी कहा कि रीजनल टूरिज्म कॉन्क्लेव के माध्यम से ग्वालियर-चंबल और रीवा क्षेत्रों में ₹6,500 करोड़ के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए, जो स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई ऊर्जा देंगे।
मध्यप्रदेश ट्रैवल मार्ट न केवल व्यापारिक सम्मेलन है, बल्कि विभिन्न संस्कृतियों का महापर्व और प्रधानमंत्री के देखो अपना देश वोकल फॉर लोकल विजन को साकार करने की दिशा में एक मजबूत कदम भी है।
