श्योपुर:जिले के ढोढर ग्राम पंचायत अंतर्गत मालिपुरा क्षेत्र में सुबह एक तेंदुए ने तीन किसानों पर हमला कर दिया। घटना के वक्त तीनों किसान खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक झाड़ियों से निकले तेंदुए ने हमला कर दिया। मामला सुखवास क्षेत्र के पास का है जहां ग्रामीण रोज की तरह अपने खेतों में कृषि कार्य कर रहे थे।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तेंदुए की तलाश शुरू कर दी गई है। विभाग द्वारा क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है और ग्रामीणों को सतर्क रहने, विशेषकर सुबह-शाम जंगल के आसपास अकेले न जाने की सलाह दी गई है।
वन विभाग के डिप्टी रेंजर संजय तिर्की ने बताया कि तेंदुए के हमले में बलराम और राधेश्याम केवट को चोटें आई हैं। दोनों को ढोढर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। तीसरे घायल उम्मेद माली की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें श्योपुर जिला अस्पताल में रेफर किया गया है।
