
ग्वालियर। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर ग्वालियर की लाड़ली बहनाओं ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की कलाई पर स्नेह और विश्वास से ओत-प्रोत राखियाँ बांधी। बहनों के हाथों से बंधी इन राखियों के पवित्र धागों ने जहां भाई-बहन के आत्मीय रिश्ते को भावुक बनाया, वहीं प्रदेश की हर बहन के सम्मान, सुरक्षा, स्वावलंबन और खुशहाली के लिए मुख्यमंत्री डॉ यादव के संकल्प को और मजबूत किया। रक्षाबंधन के उपहार स्वरूप लाडली बहन योजना के तहत अतिरिक्त धनराशि देने के लिए ग्वालियर की लाडली बहनों ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव को इस अवसर पर धन्यवाद पत्र भी भेंट किया। वहीं ग्वालियर विमानतल पर तैनात सीआईएसएफ की महिला सुरक्षा कर्मियों ने जब मुख्यमंत्री डॉ. यादव की कलाई पर राखियां बांधीं तो अत्यंत भावनात्मक दृश्य उभरकर सामने आया।
लाड़ली बहनों ने मुख्यमंत्री डॉ यादव के माथे पर रोली का तिलक लगाकर राखी बांधी तो मुख्यमंत्री ने सभी बहनों को स्नेहपूर्वक आशीर्वाद दिया। इस आत्मीय क्षण में उन्होंने कहा कि बहन और भाई का रिश्ता केवल एक पर्व तक सीमित नहीं है, यह जीवनभर के स्नेह, विश्वास और जिम्मेदारी का रिश्ता है। राखी का यह पवित्र धागा हमें निरंतर याद दिलाता रहेगा कि मध्यप्रदेश की प्रत्येक बहन उनके अपने परिवार का हिस्सा है। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि प्रदेश की हर बहन के चेहरे पर मुस्कान हो, बेटियां सुरक्षित रहें , आत्मनिर्भर बनें और अपने सपनों को पूरा करते हुए आगे बढ़ें, इसके लिए प्रदेश सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री डॉ यादव बुधवार को मालनपुर औद्योगिक क्षेत्र में गोदरेज की चौथी यूनिट का शुभारंभ करने आए थे। इसी सिलसिले में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ट्रांजिट विजिट पर विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर और पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल के साथ ग्वालियर स्थित राजमाता विजयाराजे सिंधिया एयर टर्मिनल पहुंचे थे।
