गांधी जयंती पर खेल गतिविधियों के साथ दिया नशामुक्ति और फिटनेस का संदेश

अनूपपुर, मध्यप्रदेश शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग के निर्देशानुसार तथा वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में 2 अक्टूबर 2026 को विकासखंड जैतहरी में गांधी जयंती एवं नशामुक्ति अभियान के तहत विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। अनुसूचित जाति बालक छात्रावास जैतहरी में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने रैली निकालकर नशामुक्ति, स्वच्छता और फिटनेस का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान गोला फेंक, वॉलीबॉल एवं 100 मीटर दौड़ जैसी खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने “नशा छोड़ो, रिश्ता जोड़ो” तथा “करो या मरो फिटनेस का डोज, आधा घंटा रोज” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को नशे से दूर रहने और नियमित खेल एवं व्यायाम अपनाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में शिक्षक नंदलाल श्याम ने विद्यार्थियों को महात्मा गांधी के जीवन, उनके विचारों एवं गांधी जयंती के महत्व की जानकारी दी। साथ ही नशामुक्ति भारत अभियान, स्वच्छता, खेलो-बढ़ो अभियान तथा फिटनेस के महत्व पर प्रकाश डाला। विद्यार्थियों द्वारा छात्रावास परिसर में स्वच्छता अभियान चलाकर साफ-सफाई भी की गई तथा नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई।

यह आयोजन खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सेवा संकल्प अभियान एवं नशामुक्ति भारत अभियान के अंतर्गत किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन दिनेश कुमार सिंह चंदेल, विकासखंड समन्वयक खेल एवं युवा कल्याण विभाग जैतहरी, स्टेट रेफरी एवं नेशनल ट्रेनर वॉलीबॉल तथा नशामुक्ति भारत अभियान के राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर द्वारा किया गया।

कार्यक्रम के आयोजन में जिला खेल प्रशिक्षक रामचंद्र यादव, सहायक ग्रेड-3 कमलकांत साहू तथा सामाजिक सुरक्षा अधिकारी जनपद पंचायत जैतहरी स्तुति मलैया का सहयोग रहा। यह कार्यक्रम कलेक्टर अनूपपुर रत्नाकर झा, पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को गांधीजी के सत्य, अहिंसा एवं स्वच्छता के संदेश के साथ स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नशे से दूर रहने का संकल्प दिलाया गया।

Next Post

नपा के बैनर में कांग्रेस की सफाई, भाजपा परिषद की निगरानी पर सवाल

Fri Oct 2 , 2026
अनूपपुर। नगर पालिका परिषद अनूपपुर में भाजपा का अध्यक्ष-उपाध्यक्ष होने के बावजूद नगर पालिका के आधिकारिक ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ अभियान का बैनर कांग्रेस नेताओं के स्वच्छता अभियान में नजर आने के बाद नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। सवाल स्वच्छता अभियान पर नहीं, बल्कि नगर […]

You May Like