
छतरपुर। जिले के पिपट थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लखनगंवा में बेटे की शादी के दौरान एक दुखद घटना सामने आई है। यहां 55 वर्षीय रामकिशोर प्रजापति की रविवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रामकिशोर प्रजापति अपने बेटे जितेंद्र की शादी के कार्यक्रम में शामिल थे। बताया जा रहा है कि कार्यक्रम के दौरान उन्होंने अत्यधिक शराब का सेवन कर लिया था, जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने उन्हें घर में ही लिटा दिया।
रात करीब 12:30 बजे जब परिजन उन्हें देखने पहुंचे तो वे बेहोशी की हालत में पड़े मिले और उल्टी भी हो चुकी थी। आनन-फानन में उन्हें जिला अस्पताल छतरपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर पिपट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल प्रारंभिक तौर पर अधिक शराब सेवन से मौत की आशंका जताई जा रही है।
