दिल्ली में रविवार को हाफ मैराथन के दौरान सुबह में यातायात प्रभावित रहेगा, पुलिस ने जारी किया परामर्श

नई दिल्ली, 11 अक्टूबर (वार्ता) देश की राजधानी में जवाहरलाल नेहरू (जेएलएन) स्टेडियम से रविवार को शुरू होने वाली हाफ मैराथन और 10 किलोमीटर रन के कारण सुबह के समय शहर की कई मुख्य सड़कों पर यातायात व्यवस्था प्रभावित रहेगी।
दिल्ली यातायात पुलिस ने इस आयोजन को देखते हुए एक विशेष यातायात परामर्श जारी किया है और लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें तथा सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करें।
यह हाफ मैराथन रविवार सुबह 6 बजकर 50 मिनट पर और 10 किलोमीटर रन सुबह 7 बजकर 30 मिनट पर शुरू होगी। इसके मद्देनजर, रविवार सुबह 4 बजकर 45 मिनट से लेकर 10 बजे तक कई प्रमुख मार्गों पर यातायात को नियंत्रित किया जाएगा या अन्य रास्तों पर मोड़ा जाएगा। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सभी आपातकालीन सेवाओं को बिना किसी रुकावट के आवाजाही की अनुमति दी जाएगी। जंक्शनों पर वाहनों की क्रॉस मूवमेंट की अनुमति केवल स्थिति और प्रतिभागियों की संख्या को ध्यान में रखते हुए सीमित रूप में दी जाएगी।
इस दौरान यह हाफ मैराथन जेएलएन स्टेडियम से शुरू होकर भूषण पितामह मार्ग, लोधी रोड, श्री अरबिंदो मार्ग (सफदरजंग टॉम्ब जंक्शन), मथुरा रोड, सुब्र्हमणियम भारती मार्ग, डॉ. जाकिर हुसैन मार्ग, सी-हेक्सागन, कर्तव्य पथ, रफी अहमद किदवई मार्ग और इंडिया गेट कैनोपी से गुजरते हुए वापस स्टेडियम में समाप्त होगी।
10 किलोमीटर की दौड़ जीवनदीप बिल्डिंग (संसद मार्ग) से शुरू होगी और पटेल चौक, संसद मार्ग, रफी मार्ग, जनपथ, इंडिया गेट कैनोपी, सी-हेक्सागन, डॉ. जाकिर हुसैन मार्ग, सुब्र्हमणियम भारती मार्ग, मथुरा रोड और भूषण पितामह मार्ग से होते हुए जेएलएन स्टेडियम के बाहर खत्म होगी।
पुलिस की ओर से जारी परामर्श के अनुसार, सेवा नगर फ्लाईओवर के नीचे 4 एवेन्यू-भूषण पितामह मार्ग जंक्शन, कोटला रेड लाइट, मेहरचंद मार्केट रेड लाइट, जोर बाग कॉलोनी रोड, अरबिंदो मार्ग-लोधी रोड जंक्शन, राजेश पायलट मार्ग-अमृता शेरगिल मार्ग, सुब्र्हमणियम भारती मार्ग के प्रमुख जंक्शनों (मैक्स म्यूलर, महर्षि रमण, आर्च बिशप माकारियोस, जाकिर हुसैन, पंडारा रोड), मथुरा रोड-भैरों रोड, लाला लाजपत राय मार्ग, नेला गुम्बद, जनपथ-मौलाना आजाद रोड, सुनेहरी मस्जिद और गुरुद्वारा रकाबगंज राउंड अबाउट से यातायात को डायवर्ट किया जाएगा।
यातायात पुलिस ने नागरिकों को सलाह दी है कि वे इंडिया गेट, कर्तव्य पथ, लोधी रोड, मथुरा रोड और जेएलएन स्टेडियम के आसपास निजी वाहनों का उपयोग करने से बचें और यदि आवश्यक हो, तो वैकल्पिक मार्गों का चयन करें। असुविधा से बचने के लिए लोगों को दिल्ली यातायात पुलिस के सोशल मीडिया हैंडल और गूगल मैप्स पर जारी यातायात अपडेट देखकर ही यात्रा शुरू करने की सलाह दी गई है।

Next Post

राष्ट्रीय रक्षा महाविद्यालय में दीक्षांत समारोह

Sat Oct 11 , 2025
नयी दिल्ली 11 अक्टूबर (वार्ता) भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, मद्रास के तत्वावधान में ‘रणनीतिक नेतृत्व एवं लोक नीति’ में मास्टर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (कार्यकारी एमबीए) करने वाले अधिकारियों को शुक्रवार को यहां राष्ट्रीय रक्षा महाविद्यालय में एक दीक्षांत समारोह में डिग्री प्रदान की गयी। रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह ने 64 […]

You May Like