सेल ने पहले 11 महीने की बिक्री का बनाया नया रिकॉर्ड

नयी दिल्ली, 11 मार्च (वार्ता) सार्वजनिक क्षेत्र की सबसे बड़ी इस्पात उत्पादक और महारत्न कंपनी भारतीय इस्पात प्राधिकरण (सेल) ने चालू वित्त वर्ष के पहले 11 महीने में बिक्री का नया कीर्तिमान स्थापित किया है।

कंपनी की प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि वित्त वर्ष 2025-26 में अप्रैल-फरवरी के दौरान उसने 1.82 करोड़ टन इस्पात की बिक्री की जो किसी भी वित्त वर्ष के पहले 11 महीने में सबसे अधिक है। यह पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि से 14 प्रतिशत ज्यादा है। इस दौरान उसका नकद संग्रह 1.11 लाख करोड़ रहा जो एक नया कीर्तिमान और सालाना आधार पर 10 प्रतिशत की वृद्धि है। इस दौरान खुदरा बिक्री, स्टॉकयार्ड बिक्री और घर तक डिलीवरी में महत्वपूर्ण सुधार हुआ।

सेल ने फरवरी महीने में 15.8 लाख टन इस्पात की बिक्री की। इस साल जनवरी के मुकाबले फरवरी में इन्वेंट्री में 1.05 लाख टन की कमी दर्ज की गयी। अच्छे नकद संग्रह के दम पर कंपनी ने अपना कर्ज एक हजार करोड़ रुपये कम करने में सफलता पायी है।

प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि बाजार की विशिष्ट आवश्यकताओं को पूरा करते हुए सेल ने चेकर्ड प्लेट्स का उत्पादन फिर से शुरू कर दिया है। कंपनी ने झारखंड के बोकारो स्थित संयंत्र में पहली बार चेकर्ड प्लेट्स का उत्पादन शुरू किया है।

सेल के निदेशक (वित्त) ए.के. पांडा ने इस प्रदर्शन पर टिप्पणी करते हुए कहा, “हम बाजार के अनुरूप ढलने और आगे बढ़ने के लिए तैयार हैं। इन्वेंट्री और वर्किंग कैपिटल का कुशलतापूर्वक प्रबंधन करके हम उस वित्तीय अनुशासन का प्रदर्शन कर रहे हैं जो कंपनी की नींव को मजबूत करता है। इसके साथ ही, हमारी रिकॉर्ड बिक्री और नकद संग्रह हमारे ग्राहकों द्वारा हम पर जताये गये भरोसे का प्रमाण है।”

 

 

Next Post

मलेशिया एयरलाइंस की भारतीय यात्रियों के लिए विशेष किराये की पेशकश

Wed Mar 11 , 2026
नयी दिल्ली, 11 मार्च (वार्ता) मलेशिया एयरलाइंस ने भारत के यात्रियों के लिए विशेष किराये का घोषणा की है। एयरलाइंस की प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि ऑफर के तहत 10 मार्च से 23 मार्च तक बुकिंग करायी जा सकती है। यह बुकिंग 18 दिसंबर 2026 तक की यात्रा […]

You May Like