नयी दिल्ली, 11 अक्टूबर 2025 (वार्ता) उत्तर पूर्वी दिल्ली के दयालपुर इलाके में शुक्रवार सुबह एक मामला सामने आया, जहां एक व्यक्ति को उसके घर के सामने बैठने से मना करने पर आरोपी इस कद भड़क गया कि उसने गोली चला दी। दिल्ली पुलिस ने इस घटना के 24 घंटे के भीतर कार्रवाई करते हुए गोली चलाने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया एक पिस्तौल भी बरामद किया है।
पुलिस उपायुक्त आशीष मिश्रा ने शनिवार को बताया कि पुराने मुस्तफाबाद निवासी 65 वर्षीय शिकायतकर्ता सिराजुद्दीन ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। सिराजुद्दीन ने बताया कि कल सुबह करीब 6:30 बजे वह दूध लेने के लिए घर से बाहर निकले थे। उन्होंने देखा कि एक व्यक्ति उनके घर के ठीक सामने बैठा हुआ था। जब सिराजुद्दीन ने उस व्यक्ति से वहां बैठने से मना किया और किसी अन्य जगह बैठने को कहा, तो वह व्यक्ति आग बबूला हो गया और गाली-गलौज करते हुए झगड़ा करने लगा। उसके बाद आरोपी मौके से चला गया लेकिन कुछ ही देर में वह वापस लौटा और सिराजुद्दीन के घर पर गोलियां चलाकर मौके से फरार हो गया।
गोलीबारी की सूचना मिलते ही दयालपुर पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक और क्राइम टीम ने घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। जांच के दौरान, पुलिस ने तकनीकी साधनों और स्थानीय मुखबिरों की मदद से तेजी से कार्रवाई की। पुलिस ने आरोपी की पहचान मुस्तकीम (35) निवासी गली संख्या 10, पुराना मुस्तफाबाद के रूप में की। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी मुस्तकीम को गिरफ्तार कर लिया और उसके पास से वारदात में इस्तेमाल किया गया तमंचा भी बरामद कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी के किसी आपराधिक इतिहास की गहनता से जांच कर रही है।

