इंदौर: शहर में विकास कार्य तो हो रहा है लेकिन एक कार्य के बाद दूसरा कार्य आरंभ करने में नगर निगम कई महीने लगा रही हैं जिससे क्षेत्र वासियों को कई असुविधाओं का सामना करना पड़ता है.नगर निगम के वार्ड क्रमांक 42 अंतर्गत आने वाले बड़ी ग्वालटोली मित्र नगर ग्वालटोली चौक स्थित धर्मशाला क्षेत्र में सीवरेज लाइन बिछाने के लिए करीब 10 माह पूर्व पक्की सड़क को खोदा गया था. उस समय नगर निगम के संबंधित अधिकारियों द्वारा क्षेत्रवासियों को आश्वासन दिया गया था कि सीवरेज कार्य पूर्ण होते ही शीघ्र ही पक्की सड़क का निर्माण कर दिया जाएगा
लेकिन इतने लंबे समय बीत जाने के बावजूद आज तक सड़क निर्माण का कार्य प्रारंभ नहीं हो सका है. सड़क की बदहाल स्थिति के कारण क्षेत्रवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. बरसात के दिनों में पूरे मार्ग पर कीचड़ फैल जाता है जिससे पैदल चलना तक मुश्किल हो जाता है. वहीं सामान्य दिनों में सड़क पर बिखरे पत्थर, गड्ढे और उखड़ी मिट्टी दुर्घटनाओं को आमंत्रण दे रही है. दोपहिया वाहन चालक अक्सर फिसलकर घायल हो रहे हैं वहीं बुजुर्गों महिलाओं और स्कूली बच्चों के लिए यह मार्ग अत्यंत जोखिम भरा बन चुका है.
इनका कहना है…
दस महीने गुजर चुके हैं. कई बार नगर निगम के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से शिकायत की लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिले हैं. आना-जाना दुभर हो गया है.
– जतिन बोरासी
जल्द से जल्द पक्की सड़क का निर्माण कराया जाए ताकि क्षेत्रवासियों को इस गंभीर समस्या से राहत मिल सके और भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके.
– लक्ष्मी यादव
पक्की सड़क नहीं बनने से दिनभर कीचड़ बने रहता है जिससे मच्छर मक्खी हो रहे हैं. बीमारियां फैल रही हैं. पक्की सड़क बन जाने से क्षेत्र साफ सुथरा रहेगा.
– रेनू पाल
