एआईएफएफ ने बनाया खालिद जमील को भारतीय टीम का मुख्य कोच

नयी दिल्ली, 01 अगस्त (वार्ता) अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) की कार्यकारी समिति (ईसी) ने खालिद जमील को सीनियर पुरुष भारतीय राष्ट्रीय टीम का मुख्य कोच नियुक्त किया है।

महासंघ की तकनीकी समिति (टीसी) की सिफारिश पर आज बुलाई गई वर्चुअल बैठक में विस्तृत चर्चा के बाद खालिद जमील को सीनियर पुरुष भारतीय राष्ट्रीय टीम का मुख्य कोच बनाये जाने का फैसला लिया गया।

बैठक में एआईएफएफ अध्यक्ष कल्याण चौबे, उपाध्यक्ष एनए हारिस, कोषाध्यक्ष किपा अजय, कार्यकारी और तकनीकी समितियों के सदस्यों, दोनों द्रोणाचार्य पुरस्कार विजेता कोच बिमल घोष और अरमांडो कोलासो और ध्यानचंद पुरस्कार विजेता शब्बीर अली की उपस्थिति में, एआईएफएफ के तकनीकी निदेशक सैयद साबिर पाशा और राष्ट्रीय टीम के निदेशक सुब्रत पॉल ने राष्ट्रीय टीम के मुख्य कोच के चयन के लिए खालिद जमील, स्टीफन कॉन्स्टेंटाइन और स्टीफन टारकोविच के नामों का प्रस्ताव रखा।

इस दौरान हुई चर्चा में सदस्यों ने तीनों नामों पर विचार करने के बाद लगातार दो बार (2023-24 और 2024-25) में एआईएफएफ के पुरुष कोच ऑफ द ईयर पुरस्कार से सम्मानित खालिद जमील को बहुमत के आधार पर कोच बनाया गया।

भारत को इस महीने के आखिर में सीएएफए नेशंस कप 2025 में भाग लेना है, जिसके बाद अक्टूबर में सिंगापुर के खिलाफ लगातार दो एएफसी एशियन कप फाइनल राउंड क्वालीफायर मैच खेलने हैं। जमील नियमित रूप से भारतीय खिलाड़ियों के साथ काम कर रहे हैं।

 

Next Post

कंधा चोटिल होने के बाद वोक्स का इस मैच में गेंदबाजी करना संदिग्ध

Fri Aug 1 , 2025
लंदन, 01 अगस्त (वार्ता) इंग्लैंड के तेज गेंदबाज क्रिस वोक्स के ओवल टेस्ट में दोबारा गेंदबाजी करने की संभावना बहुत कम लग रही है। उन्हें फील्डिंग करते समय कंधे में चोट लग गई थी और अब उनके कंधे के खिसकने की आशंका जताई जा रही है। दिन के अंतिम क्षणों […]

You May Like