कंधा चोटिल होने के बाद वोक्स का इस मैच में गेंदबाजी करना संदिग्ध

लंदन, 01 अगस्त (वार्ता) इंग्लैंड के तेज गेंदबाज क्रिस वोक्स के ओवल टेस्ट में दोबारा गेंदबाजी करने की संभावना बहुत कम लग रही है। उन्हें फील्डिंग करते समय कंधे में चोट लग गई थी और अब उनके कंधे के खिसकने की आशंका जताई जा रही है।

दिन के अंतिम क्षणों में वोक्स मिड ऑफ से एक गेंद का पीछा करते हुए बाउंड्री की ओर भागे, लेकिन गीले आउटफील्ड पर उनका हाथ फिसल गया और वह बाएं कंधे के बल गिर पड़े। वह जमीन पर ही दर्द से कराहते रहे और अपना कंधा पकड़कर बैठे रहे। इंग्लैंड के फिजियो बेन डेविस ने उनका तुरंत उपचार किया और वोक्स ने अपने स्वेटर को स्लिंग बनाकर ड्रेसिंग रूम की ओर वापसी की।

इंग्लैंड टीम ने वोक्स की चोट की गंभीरता पर कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया, लेकिन गुरुवार रात निश्चित रूप से उनका स्कैन हुआ होगा।

तेज गेंदबाज गस ऐटकिंसन ने दिन के खेल के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ”मुझे चोट के बारे में अभी ज्यादा कुछ नहीं पता है, लेकिन देखने से तो यह ठीक नहीं लग रहा है। यह सीरीज का आखिरी मैच है और जब कोई भी खिलाड़ी चोटिल होता है, तो यह दुखद होता है। मैं उम्मीद करता हूं कि यह गंभीर न हो। उन्हें टीम का पूरा समर्थन मिलेगा।”

वोक्स ने पहले दिन 14 ओवर गेंदबाज़ी की और एक विकेट लिया। उनके चोटिल होने के बाद इंग्लैंड को बचे हुए मैच में एक कम गेंदबाज के साथ गेंदबाजी करनी पड़ सकती है। इस सीरीज में उन्होंने अब तक 181 ओवर में 52.18 की औसत से 11 विकेट लिए हैं और मोहम्मद सिराज के साथ वे इकलौते तेज गेंदबाज़ हैं, जिन्होंने सभी पांचों टेस्ट खेले हैं।

वोक्स इंग्लैंड के सबसे अनुभवी तेज गेंदबाज हैं, जबकि बाकी तेज गेंदबाज ऐटकिंसन, जेमी ओवर्टन और जॉश टंग कुल मिलाकर सिर्फ 18 टेस्ट मैचों का अनुभव रखते हैं।

ऐटकिंसन हैमस्ट्रिंग चोट से उबरने के बाद इस सीरीज का अपना पहला टेस्ट खेल रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर जरूरत पड़ी तो वह अपनी सीमा से आगे तक भी जाने को तैयार हैं।

उन्होंने कहा, ”बिल्कुल, मैं तरोताजा महसूस कर रहा हूं। मुझे पता है कि मुझे सिर्फ एक ही मैच खेलना है, तो मैं पूरी ताकत झोंक सकता हूं।”

 

Next Post

लैंकशायर क्लब ने पाकिस्तानी फैन से माफी मांगी

Fri Aug 1 , 2025
मैनचेस्टर, 01 अगस्त (वार्ता) लैंकशायर काउंटी क्लब ने मैनचेस्टर टेस्ट के अंतिम दिन एक फैन को पाकिस्तान टीम की जर्सी पहनने के कारण बाहर निकाले जाने की घटना के लिए माफी मांगी है। फारूक नजर नामक इस फैन ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें स्टेडियम का एक […]

You May Like