लैंकशायर क्लब ने पाकिस्तानी फैन से माफी मांगी

मैनचेस्टर, 01 अगस्त (वार्ता) लैंकशायर काउंटी क्लब ने मैनचेस्टर टेस्ट के अंतिम दिन एक फैन को पाकिस्तान टीम की जर्सी पहनने के कारण बाहर निकाले जाने की घटना के लिए माफी मांगी है।

फारूक नजर नामक इस फैन ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें स्टेडियम का एक सुरक्षा कर्मी उन्हें पाकिस्तान की पारंपरिक वनडे जर्सी को हटाने को कह रहा था। जब नजर ने इससे इनकार किया, तो उन्हें पुलिस की मदद से स्टेडियम से बाहर कर दिया गया।

लैंकशायर की ओर से जारी एक बयान में कहा गया, ”सुरक्षा टीम और पुलिस अधिकारियों द्वारा स्टेडियम छोड़ने को कहे जाने पर उस फैन ने स्टाफ के प्रति अनुचित व्यवहार किया।”

क्लब ने घटना के लिए खेद प्रकट किया और कहा कि वे भविष्य में ऐसी परिस्थितियों से निपटने की प्रक्रिया की समीक्षा करेगा।

हालांकि, क्लब ने यह भी स्पष्ट किया कि इस निर्णय के पीछे एक दिन पहले की एक घटना थी, जब भारतीय और पाकिस्तानी फैंस के बीच झड़प की स्थिति बन गई। उस शनिवार को कुछ दर्शकों ने पाकिस्तान का राष्ट्रीय झंडा लहराया था, जिससे पास के भारतीय समर्थकों में असंतोष फैल गया। स्टाफ ने उस समय भी झंडा हटाने को कहा और स्थिति को शांति से संभाल लिया।

बयान में आगे कहा गया, ”हम यह स्पष्ट करना चाहते हैं कि उस व्यक्ति को केवल पाकिस्तान की जर्सी पहनने की वजह से बाहर नहीं किया गया। शनिवार की घटना को ध्यान में रखते हुए रविवार को हमने एहतियाती कदम उठाया। हमारे एक स्टैंड सुपरवाइजर ने उस व्यक्ति से शांति बनाए रखने और संभावित तनाव से बचने के लिए जर्सी हटाने को कहा। कई विनम्र अनुरोधों के बावजूद उन्होंने सहयोग नहीं किया।”

भारत और पाकिस्तान के बीच राजनीतिक संबंध हाल में फिर से तनावपूर्ण हो गए हैं। मई में सीमावर्ती सैन्य झड़प के बाद दोनों देशों के क्रिकेट बोर्ड के बीच भी संबंध और बिगड़े हैं। दोनों टीमों ने 2012-13 के बाद से कोई द्विपक्षीय सीरीज नहीं खेली है और टेस्ट मुकाबले तो 2007-08 से नहीं हुए हैं।

इसी सप्ताह इंडिया चैंपियंस ने बर्मिंघम में चल रहे वर्ल्ड चैंपियंस लीग टूर्नामेंट में पाकिस्तान चैंपियंस के ख़िलाफ सेमीफाइनल खेलने से इनकार कर दिया, जिससे वे टूर्नामेंट से बाहर भी हो गए।

 

Next Post

बिहार मतदाता सूची पुनरीक्षण पर राज्य सभा में हंगामा, कार्यवाही दिन भर के लिए स्थगित

Fri Aug 1 , 2025
नयी दिल्ली 01 अगस्त (वार्ता) बिहार में मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) तथा कुछ अन्य मुद्दों पर तत्काल चर्चा कराने की मांग को लेकर राज्य सभा में विपक्ष ने शुक्रवार को भी पूर्वाह्न के सत्रों में हंगामा जारी रखा और सदन की कार्यवाही एक बार के स्थगन के बाद […]

You May Like