इंदौर: देवास जिले के सोनकच्छ क्षेत्र के ग्राम संवरसी के निवासी सैनिक संजय मीणा, जो अरुणाचल प्रदेश में सैन्य अभ्यास के दौरान शहीद हुए, का पार्थिव शरीर आज राजकीय सम्मान के साथ इंदौर विमानतल पर लाया गया, यहां से सड़क मार्ग से उनके घर सड़क मार्ग से लेजाया जाएगा.संजय मीणा की यूनिट हरियाणा के अंबाला में तैनात थी. कुछ दिन पूर्व वह अपनी यूनिट के साथ अरुणाचल प्रदेश में सैन्य अभ्यास के लिए गए थे. चार दिन पहले कठिन पहाड़ी इलाके में गश्त के दौरान एक दुखद हादसा हुआ, जिसमें संजय मीणा गहराई में दब गए.
सेना के जवानों ने लगातार तीन दिन अथक प्रयास किए और उन्हें बाहर निकाला. हालांकि, उन्हें अंबाला यूनिट वापस लाया गया, लेकिन चिकित्सकीय प्रयासों के बावजूद उनकी जान बचाई नहीं जा सकी. आज सुबह शहीद संजय मीणा का पार्थिव शरीर इंदौर विमानतल पर लाया गया, जहां पुष्पांजलि अर्पित की गई. विशेष रूप से सोनकच्छ विधायक राजेश सोनकर विमानतल पहुंचे और शहीद को अंतिम श्रद्धांजलि दी. इसके बाद सेना के वाहन के माध्यम से पार्थिव शरीर को उनके गृह ग्राम संवरसी ले जाया जाएगा, जहां अंतिम संस्कार किया जाएगा.
