
विदिशा। नगर पालिका में वित्तीय प्रभार उपाध्यक्ष को दिए जाने के विरोध में शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर पालिका के सामने जोरदार प्रदर्शन किया और नगर पालिका प्रभारी उपाध्यक्ष संजय दीवा कीर्ति का पुतला दहन किया।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि नगर पालिका के 38 पार्षदों ने अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लगाया था, ऐसे में नियमों के अनुसार खाली और भरी कुर्सी का पुनः चुनाव होना चाहिए था। लेकिन नेताओं की मनमानी और नियमविरुद्ध कार्यवाही के चलते उपाध्यक्ष संजय दीवा कीर्ति को वित्तीय प्रभार सौंप दिया गया, जिसका वे कड़ा विरोध कर रहे हैं।
कांग्रेस महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष प्रियंका किरार ने इसे महिला का अपमान बताया। उन्होंने कहा कि नगर पालिका अध्यक्ष प्रीति राकेश शर्मा को हटाकर उनके अधिकार किसी और को देना सरासर अन्याय और महिला अस्मिता का अपमान है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निर्णय वापस नहीं लिया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
