
मंडला। बम्हनी बंजर स्थित शासकीय कन्या माध्यमिक विद्यालय में गुरुवार को एक खौफनाक घटना सामने आई। यहां अध्ययनरत एक छात्रा क्लासरूम में बेहोशी की हालत में मिली। बताया जा रहा है कि छात्रा के सिर पर चोट के निशान थे और उसकी चोटी कटी हुई थी। सूचना मिलते ही शिक्षक व स्टाफ ने उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और शिक्षा विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। स्वास्थ्य केंद्र में मौजूद डॉक्टरों के अनुसार छात्रा फिलहाल होश में नहीं आई है, जिससे घटना का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।घटना के बाद विद्यालय परिसर और क्षेत्र में भय एवं चिंता का माहौल बना हुआ है। स्कूल प्रबंधन का कहना है कि उन्हें घटना की कोई पूर्व जानकारी नहीं थी। सूचना मिलते ही वे अस्पताल पहुंचे, जहां छात्रा बेहोश हालत में मिली। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद ही सच्चाई सामने आएगी।इधर, घटना से आक्रोशित परिजनों ने विद्यालय गेट में ताला लगाकर सड़क पर जाम लगा दिया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मंडला मुख्यालय से एसडीओपी और एसडीएम मौके पर पहुंचे तथा समझाइश देकर जाम खुलवाया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।अब देखना यह होगा कि छात्रा की बेहोशी और चोटी कटने के पीछे की असली वजह क्या है — हादसा, किसी की शरारत या कुछ और…
