
सिंगरौली। सरई स्थित संदीपनी विद्यालय मैदान में आयोजित दो दिवसीय मल्टीस्पेशियलिटी मेगा स्वास्थ्य शिविर में पहले ही दिन बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया। विधायक राजेन्द्र मेश्राम के प्रयास से आयोजित इस शिविर का समापन 21 मार्च को होगा। पहले दिन 3475 मरीजों का पंजीयन हुआ। शिविर में शिशु रोग, हृदय, नेत्र, दंत, चर्म, टीबी सहित विभिन्न रोगों की जांच व उपचार की सुविधा एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गई।
जांच के दौरान 290 ब्लड सैंपल, 415 एक्स-रे, 209 अल्ट्रासाउंड और 301 ईसीजी किए गए, जबकि 71 टीबी सैंपल लिए गए। सिकल सेल जांच में 4 मरीज पॉजिटिव पाए गए। सभी मरीजों को नि:शुल्क दवाएं वितरित की गईं। प्रभारी मंत्री सम्पतिया उईके ने शिविर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं पर संतोष जताया।
