
छिंदवाड़ा/परासिया। जिले में किडनी फेल होने से लगातार हो रही बच्चों की मौत के मामलों ने सरकार को गंभीर कर दिया है। विपक्ष के निशाने पर आई सरकार की ओर से अब कार्रवाई तेज कर दी गई है। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री डॉ. राजेंद्र शुक्ल ने बुधवार को परासिया पहुंचकर प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और उनकी व्यथा सुनी।
डॉ. शुक्ल ने खजरी अंतू, मोरडोंगरी और बड़कुई गांवों में जाकर पीड़ित परिवारों का हालचाल जाना। उन्होंने परासिया स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सुविधाओं का भी जायजा लिया। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने बताया कि परासिया अस्पताल में भवन तो है, पर मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। इस पर स्वास्थ्य मंत्री ने शीघ्र ही सभी आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
मंत्री शुक्ल ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस संवेदनशील मामले की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं और स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने जनता से अपील की कि वे केवल उन्हीं कफ सिरप का उपयोग करें जो केंद्र सरकार की एडवाइजरी में सुरक्षित बताए गए हैं।
उन्होंने साफ कहा कि इस प्रकरण में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। आईएमए अपना काम करे, सरकार अपना काम कर रही है, कानून को अपना काम करने दें। निर्दोष को कोई नुकसान नहीं होगा, लेकिन दोषी बच नहीं पाएगा, उन्होंने कहा।
