
छिंदवाड़ा/परासिया। जिले में किडनी फेल से मासूमों की मौत का सिलसिला थम नहीं रहा है. मंगलवार को तामिया और जुन्नारदेव विकासखंड से दो और बच्चों की मौत की पुष्टि हुई है. इसके साथ ही जिले में अब तक इस बीमारी से मरने वाले बच्चों की संख्या 19 पहुंच गई है.
तामिया के जूनापानी गांव निवासी नवीन डेहरिया की डेढ़ साल की बेटी धानी डेहरिया और रिधौरा के ढाई वर्षीय देवांश पवार ने इलाज के दौरान मेडिकल कॉलेज में दम तोड़ दिया. वहीं जुन्नारदेव विकासखंड के नवेगांव निवासी ढाई वर्षीय येजुशा यदुवंशी की नागपुर में उपचार के दौरान मौत हो गई.
इस बीच एक राहत भरी खबर भी आई,रिधौरा निवासी प्रतीक स्वस्थ होकर घर लौट आया है. फिलहाल आठ बच्चे अभी भी नागपुर के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती हैं. राज्य शासन ने सभी प्रभावित बच्चों के उपचार की पूरी जिम्मेदारी ली है और विशेषज्ञ टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है.
अब तक परासिया में 14 बच्चों की मौत
परासिया विकासखंड में डेढ़ माह के भीतर 14 बच्चों की किडनी फेल होने से मौत हो चुकी है. इनमें बड़कुही, पगारा, परासिया, खजूरीअंतु, न्यूटन चिखली, उमरेठ, बाघ बर्दिया, बेलगांव, सेठिया, गायगोहान, दीघावानी, गाजनडोह और रिधौरा गांवों के बच्चे शामिल हैं.
तीन मेडिकल स्टोर सील
जांच के दौरान गड़बड़ी मिलने पर प्रशासन ने श्रीवास्तव मेडिकल और रसेला मेडिकल स्टोर को सील कर दिया है. वहीं डॉ. प्रवीण सोनी की पत्नी द्वारा संचालित न्यू अपना मेडिकल स्टोर का ड्रग लाइसेंस नियम 66(1) के तहत निलंबित कर दिया गया है.
