सतना:शहर में ‘स्मार्ट सिटी’ परियोजना के तहत होने वाली पानी की सप्लाई पर अब गंभीर सवाल उठने लगे हैं। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में शहर के एक स्थानीय निवासी ने नगर निगम और प्रशासन के दावों की पोल खोलते हुए दूषित पानी की सप्लाई का आरोप लगाया है।युवक के मुताबिक, पिछले एक महीने से शहर में बेहद गंदा और घटिया पानी सप्लाई किया जा रहा है। स्थिति इतनी खराब है कि उनके घर का वाटर फिल्टर एक ही महीने में तीन बार खराब हो चुका है। चौथी बार जब वाटर फ़िल्टर खराब हुआ और उसे ठीक होने में समय लगा, तो मजबूरी में परिवार को सीधे सप्लाई का पानी पीना पड़ा.
अस्पताल पहुँचने की आई नौबत
इस दूषित पानी को पीने के बाद युवक की माँ को गंभीर रूप से उल्टी और दस्त (डायरिया) की शिकायत हो गई। शरीर में अत्यधिक कमजोरी आने के कारण उन्हें तुरंत बिड़ला हॉस्पिटल के ICU (इंटेन्सिव केयर यूनिट) में भर्ती कराना पड़ा, जहाँ पिछले तीन दिनों से उनका इलाज चल रहा है।
प्रशासन के भरोसे न रहने की अपील
पीड़ित युवक ने वीडियो के ज़रिए भावुक और चेतावनी भरे लहजे में सतना के नागरिकों से अपील की है. युवक ने विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को इस सप्लाई के पानी से बचाने की गुहार लगाई है. उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि अगर जल्द ही इस पर ध्यान नहीं दिया गया, तो शहर में कोई बड़ी बीमारी या गंभीर स्वास्थ्य संकट पैदा हो सकता है।
