सतना : मैहर देवीजी चौकी क्षेत्र अंतर्गत शिव मंदिर परिसर में स्थित कुएं के निकट कपड़े में लिपटे एक अबोध के पाए जाने से आस पास के लोगों के बीच हडक़ंप मच गया. अबोध का उपचार सिविल अस्पताल में करने के बाद सतना रेफर कर दिया गया. जहां के पीकू वार्ड में उसका उपचार जारी है. वहीं पुलिस द्वारा मामले की विवेचना की जा रही है.प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार की दोपहर जब कुछ लोग शिव मंदिर के निकट से होकर गुजरे तो उन्हें किसी बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी. मंदिर परिसर में प्रवेश करने के बाद जब लोग कुंए के निकट पहुंचे तो वहां चिलचिलाती धूप में कपड़े में लिपटे पड़े अबोध को देखकर उनके आश्चर्य का ठिकाना न रहा.
आनन-फानन में घटना की सूचना पुलिस को दी गई. मौके पर पहुंची पुलिस ने अबोध को अपने कब्जे में लेकर फौरन सिविल अस्पताल मैहर पहुंचाया. जहां पर उसकी हालत को देखते हुए न्यूबॉर्न स्टेबलाइजेशन युनिट में भर्ती करते हुए उपचार शुरु किया गया. मौके पर मौजूद ड्यूटी डॉक्टर पृथ्वीराज सिंह ने जांच करने के बाद जानकारी दी कि अबोध की उम्र 2-3 महीने की है. उसे बुखार का असर भी है. लिहाजा उसके स्वास्थ्य की विशेष निगरानी की जा रही है. इसी कड़ी में उपचार के कुछ देर बाद ही अबोध को सतना जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया.
जजहां पर पहुंचने के बाद पहले एसएनसीयू में उसकी जांच की गई. जिसके बाद उसे पीकू वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया. वहीं पुलिस द्वारा आस पास के लोगों से पूछताछ कर इस संबंध में जानकारी जुटाने का प्रयास किया गया. लेकिन सभी का यही कहना था कि कौन-कब बच्चे का यहां लाकर छोड़ गया उन्हें इसकी भनक तक नहीं लगी. लिहाजा पुलिस द्वारा मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने के साथ ही उस क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के जरिए विवेचना की जा रही है
