
जबलपुर। दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और दुर्घटनामुक्त ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस अलर्ट मोड में है। इसी कड़ी में शुक्रवार को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अनु बेनीवाल ने गोसलपुर क्षेत्र में संचालित पटाखा दुकानों का औचक निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। गोसलपुर थाना क्षेत्रांतर्गत लगी पटाखा दुकानों का बारीकी से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने दुकानों में अग्निशमन यंत्र, पानी और रेत की उपलब्धता की जांच की। पटाखों को निर्धारित नियमों के तहत सुरक्षित दूरी और तय सीमा में रखने के निर्देश दिए। इसके साथ ही दुकानदारों को सख्त लहजे में हिदायत दी गई कि सुरक्षा मानकों में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर तत्काल वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने गोसलपुर थाने पहुंचकर भी जायजा लिया। इस दौरान गोसलपुर थाना प्रभारी भावना तिवारी भी मौजूद रही।
सुरक्षित मनाएं खुशियों का पर्व
पुलिस ने पटाखा व्यापारियों और आम नागरिकों से नियमों का पालन करने का अनुरोध किया है। पुलिस ने संदेश दिया है कि दीपावली खुशियों और रोशनी का महापर्व है, इसे पूरी सतर्कता और सुरक्षा के साथ मनाएं। पुलिस द्वारा पूरे शहर और ग्रामीण इलाकों में असामाजिक तत्वों और अवैध पटाखा कारोबारियों पर ड्रोन व सीसीटीवी के माध्यम से भी पैनी नजर रखी जा रही है।
