
जबलपुर। घमापुर थाना इलाके में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात एक चाय-नाश्ते की दुकान को पेट्रोल डालकर फूंक दिया गया। आगजनी की इस वारदात में दुकानदार का करीब 80,000 का सामान जलकर खाक हो गया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ जांच शुरू कर दी है।
जानकारी अनुसार सतपुला छुई खदान निवासी अनुरज राय की घमापुर थाना अंतर्गत डी वी क्लब के बाजू में चाय-नाश्ते की दुकान है। रोज की तरह शनिवार रात को भी वह दुकान बंद कर अपने घर चले गए थे। रात करीब 2:06 बजे उन्हें फोन पर सूचना मिली कि उनकी दुकान में भीषण आग लग गई है। जब अनुरज अपने परिवार के साथ मौके पर पहुंचे, तो दुकान धूं-धूं कर जल रही थी। उन्होंने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू तो पा लिया, लेकिन तब तक दुकान के भीतर रखा सामान जलकर पूरी तरह राख हो चुका था।
पीड़ित दुकानदार का आरोप है कि किसी अज्ञात शरारती तत्व ने जानबूझकर दुकान पर पेट्रोल डालकर आग लगाई है। घटना की शिकायत रविवार को घमापुर थाने में दर्ज कराई गई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
