
भोपाल: मंत्रालय सेवा अधिकारी/कर्मचारी संघ के अध्यक्ष सुधीर नायक ने मध्यप्रदेश सरकार से त्यौहार और अनाज अग्रिम की राशि ₹4,000 से बढ़ाकर ₹10,000 करने की मांग की है। उन्होंने यह भी आग्रह किया कि पात्रता सीमा को बढ़ाकर समस्त तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के साथ संविदा, स्थायी और आउटसोर्स कर्मियों को भी इस सुविधा का लाभ दिया जाए।
नायक ने कहा कि इससे शासन पर कोई अतिरिक्त आर्थिक भार नहीं पड़ेगा, क्योंकि अग्रिम राशि कर्मचारियों के वेतन से 10 किश्तों में ब्याज सहित वसूल की जाती है। उन्होंने बताया कि इस पर मिलने वाला ब्याज शासन के राजस्व में वृद्धि का स्रोत बन सकता है।
उन्होंने कहा कि त्यौहार अग्रिम और अनाज अग्रिम की राशि वर्ष 2011 के बाद नहीं बढ़ाई गई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा पूर्व में भत्तों की पुनरीक्षा का कर्मचारी हितैषी निर्णय लिया गया था, जिसके लिए संघ ने आभार जताया। नायक ने कहा कि राशि बढ़ाने से कर्मचारियों को राहत मिलेगी, शासन का राजस्व बढ़ेगा और बाजार में मांग बढ़ने से छोटे व्यापारियों को भी सहारा मिलेगा।
