मप्र टोबैको फ्री अलायंस का गठन, डॉ. दिलीप आचार्य बने संयोजक

तंबाकू मुक्त मध्यप्रदेश की दिशा में इंदौर से उठाया गया बड़ा कदम

 

इंदौर। तंबाकू नियंत्रण के क्षेत्र में एक अहम पहल करते हुए इंदौर में ‘मध्यप्रदेश टोबैको फ्री अलायंस’ का गठन किया गया है। इस अलायंस का उद्देश्य प्रदेश को तंबाकू मुक्त बनाना, युवाओं को नशे से बचाना और कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन में सहयोग देना है।

 

बैठक में डॉ. दिलीप कुमार आचार्य, राष्ट्रीय चेयरमैन – आईएमए कैंसर एवं तंबाकू नियंत्रण कमेटी को सर्वसम्मति से अलायंस का संयोजक नियुक्त किया गया, जबकि डॉ. दिव्या मेनन, शासकीय दंत महाविद्यालय को सह-संयोजक बनाया गया। यह अलायंस एक स्वैच्छिक, गैर-सरकारी एवं समावेशी मंच होगा, जिसमें चिकित्सक, शिक्षाविद्, सेवानिवृत्त अधिकारी, नागरिक समाज और अन्य संबंधित हितधारक शामिल रहेंगे। संचालन संयोजक और सह-संयोजक द्वारा किया जाएगा।

बैठक में प्रमुख सहभागिता

इस मौके पर डॉ. बी.एम. श्रीवास्तव, डॉ. एस.एस. नैयर, बी.बी.एस. तोमर, मुकेश कुमार सिन्हा, डॉ. पी.वाई. पाण्डेय, डॉ. संजय दीक्षित और सतीश जोशी सहित कई गणमान्य लोगों ने सहभागिता की और नव-नियुक्त संयोजकों को बधाई दी।

 

तंबाकू नियंत्रण की स्थिति पर चर्चा

बैठक में यह बताया गया कि मध्यप्रदेश पहला राज्य था जिसने गुटखा पर प्रतिबंध लगाया था। वहीं हुक्का बार और ई-सिगरेट जैसे तंबाकू उत्पादों पर राष्ट्रीय स्तर पर रोक लगाई जा चुकी है। प्रदेश में एनटीसीपी (राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम) के अंतर्गत राज्य एवं जिला स्तर पर संरचनाएं मौजूद हैं, लेकिन अब आवश्यकता है प्रभावी कार्यान्वयन और निगरानी की।जन-जागरूकता से लेकर नीति निर्माण तक सक्रिय भूमिका अलायंस का लक्ष्य तंबाकू की समस्या को सामाजिक आपदा के रूप में स्थापित करना है। इसके अंतर्गत जन-जागरूकता अभियानों से लेकर प्रशासन और शासन को समय-समय पर चेताने तक विभिन्न स्तरों पर कार्य किया जाएगा। साथ ही COTPA कानून और एनटीसीपी कार्यक्रम के क्रियान्वयन में सहयोग, निगरानी, मूल्यांकन और नीति निर्माण में भी यह संस्था सक्रिय भूमिका निभाएगी। हर दो-तीन महीने में होगी नियमित बैठक यह निर्णय भी लिया गया कि अलायंस की नियमित बैठकें दो से तीन माह के अंतराल पर आयोजित की जाएंगी और भविष्य में सदस्य संख्या एवं संस्थागत सहभागिता को और अधिक सशक्त बनाया जाएगा। जल्द ही प्रदेशभर में इसकी शाखाएं स्थापित की जाएंगी। मप्र टोबैको फ्री अलायंस तंबाकू मुक्त मध्यप्रदेश की दिशा में एक निर्णायक और संगठित प्रयास होगा।

Next Post

अशोकनगर के लिए दिल्ली, ग्वालियर से स्पेशल ट्रेन चली

Fri Apr 11 , 2025
ग्वालियर। आनंदपुर धाम में मन रहे वैशाखी उत्सव में शामिल होने देश विदेश से आए श्रद्धालुओं के लिए दिल्ली से ग्वालियर होते हुए अशोकनगर के लिए स्पेशल ट्रेन चलाई गई है।गाड़ी संख्या 04004 दिल्ली सराय रोहिल्ला-अशोकनगर स्पेशल ट्रेन आज दोपहर दिल्ली सफदरजंग की जगह दिल्ली सराय रोहिल्ला से रवाना हुई। […]

You May Like