
ग्वालियर। ग्वालियर व्यापार मेला परिसर में आयोजित होने वाले श्रावण मेला की तैयारियाँ जोरों पर हैं। ग्वालियर व्यापार मेला प्राधिकरण द्वारा मेला परिसर में दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। दुकान आवंटन की प्रक्रिया 6 जुलाई तक जारी रहेगी। श्रावण मेला के लिये अब तक 38 दुकानों के आवेदन प्राप्त हो चुके हैं।
मेला प्राधिकरण ने सभी इच्छुक दुकानदार और झूला संचालकों से आग्रह किया है कि वे शीघ्र अति शीघ्र अपने स्टॉल और झूले लगाने के लिए आवेदन प्रस्तुत करें। इस मेले में मेहंदी एवं राखी से संबंधित दुकानदारों को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी, जिससे श्रावण मास के पारंपरिक उत्साह को बढ़ावा मिल सके। मेला प्राधिकरण द्वारा आगंतुकों और दुकानदारों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया है। मेला परिसर में स्वच्छ शौचालय और शुद्ध पेयजल की निःशुल्क व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। मेला सचिव सुनील त्रिपाठी ने बताया कि वाहनों की पार्किंग के लिए नाममात्र शुल्क निर्धारित किया गया है। दुपहिया वाहन के लिए 10 रुपये और चार पहिया वाहन के लिए 20 रुपए पार्किंग शुल्क रखा गया है। पार्किंग व्यवस्था का संचालन मेला प्राधिकरण द्वारा ही किया जाएगा। यह श्रावण मेला ग्वालियर के निवासियों और आसपास के क्षेत्रों से आने वाले आगंतुकों के लिए एक आकर्षक केंद्र बनने की उम्मीद है। सैलानी मेले में खरीदारी व खान-पान के साथ मनोरंजन गतिविधियों का भी आनंद ले सकेंगे।
