
ब्यावरा। नगर पालिका परिषद ब्यावरा में कार्यरत कर्मचारियों को बीते 5 माह से वेतन नहीं मिला है जिससे उन्हें भारी आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ रहा है. सोमवार को कर्मचारियों ने नपा कार्यालय पहुंचकर धरना देते हुए ज्ञापन सौंपा.
विदित है कि ब्यावरा नपा में कर्मचारियों को पांच माह से वेतन नहीं मिला है और अक्टूबर शुरु हो गया है. ऐसे में कर्मचारियों के समक्ष कितना बड़ा आर्थिक संकट होगा इसका अंदाजा लगाया जा सकता है आखिरकार परेशान होकर सोमवार को कर्मचारी लामबंद होकर नपा कार्यालय पहुंचे तथा वहां अपनी समस्या को रखते हुए मुख्य नपाधिकारी को ज्ञापन सौंपा. मुख्य नपाधिकारी द्वारा तीन-चार दिन के भीतर दो माह का वेतन दिए जाने का आश्वासन दिया गया. कर्मचारियों ने एसडीएम को भी ज्ञापन सौंपा गया. उनके द्वारा जानकारी प्राप्त कर समस्या के निराकरण हेतु आश्वास्त किया गया.
आवश्यक कार्य अटके
एक, दो नहीं 5 माह से वेतन नहीं मिलना कितना बड़ा आर्थिक संकट खड़ा कर सकता है इसका अंदाजा लगाया जा सकता हैै. वेतन नहीं मिलने से घर का खर्च चलाना, मकान का किराया, सामान, स्कूल की फीस, बिजली का बिल सहित आवश्यक कार्य नहीं हो पा रहे है. कई उधार लेकर घर का खर्च चलाने को मजबूर है. बैंक लोन की किश्त जमा नहीं हो पा रही है. समय पर बिजली बिल जमा नहीं होने पर विद्युत कनेक्शन तक कटने की नौबत आ रही है. इन सब हालातों से नपा कर्मचारियों को सामना करना पड़ रहा है. त्यौहार के समय खर्च और बढ़ेगा. ऐसे में जल्द वेतन भुगतान की मांग की है.
क्षतिपूर्ति राशि में भी कटौती
गौरतलब है कि नगर पालिका परिषद ब्यावरा में कर्मचारियों की संख्या लगभग 300 है, जिनका प्रतिमाह वेतन लगभग 80 लाख रुपये है. जबकि प्रदेश सरकार द्वारा पूर्व में नपा ब्यावरा को चुंगीकर क्षतिपूर्ति राशि के रुप में 65 लाख की राशि प्रतिमाह दी जाती थी. जानकारी के अनुसार उक्त राशि में भी विगत माह से कटौती करते हुए अब इसे प्रतिमाह 48 लाख रुपये कर दिया गया है. इसी राशि से वेतन बांटा जाता हैै.
