जबलपुर: नगर निगम ने वित्तीय वर्ष के अंतिम दिनों में राजस्व वसूली को लेकर अपनी रणनीति बेहद आक्रामक कर दी है। निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार के मार्गदर्शन में पूरे शहर में एक साथ कुर्की और नल कनेक्शन विच्छेदन का अभियान चलाया गया है। इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य उन बड़े बकायादारों को कड़ा संदेश देना है जो लंबे समय से कर अदायगी में कोताही बरत रहे हैं।
करदाताओं को अनुरोध करते हुए निगमायुक्त ने कहा कि बिना किसी अतिरिक्त बोझ के टैक्स जमा करने के लिए अब मात्र 9 दिन शेष हैं। 1 अप्रैल से नए नियम लागू होते ही बकाया राशि पर डबल अधिभार देना होगा।
निगमायुक्त की अपील है कि करदाता इस भारी वित्तीय दंड से बचें और समय रहते अपने करों का भुगतान कर शहर की स्वच्छता और विकास में अपना योगदान दें।
अपर आयुक्तों को सौंपी कमान
निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने राजस्व लक्ष्यों को शत-प्रतिशत हासिल करने के लिए कार्यविभाजन की नई रूपरेखा तैयार की है।
निगमायुक्त के द्वारा जारी निर्देशों के मुताबिक अब सभी अपर आयुक्त अरविंद शाह, देवेंद्र सिंह चौहान, वी एन बाजपेई, मनोज श्रीवास्तव, श्रीमती सिंह आदि अपने आवंटित जोनों में सक्रिय रहेंगे। उनका एकमात्र लक्ष्य राजस्व वसूली में वृद्धि करना होगा। प्रत्येक जोन की प्रगति की समीक्षा प्रतिदिन आयुक्त स्वयं करेंगे।
वन-टू-वन एक्शन
निगमायुक्त ने बताया कि बड़े बकायादारों की पहचान कर उनसे सीधा संवाद किया जा रहा है, और सहयोग न मिलने पर तत्काल कुर्की की कार्यवाही के साथ नल कनेक्शन भी काटे जा रहे हैं।
